निदेशक का कार्यभार संभालते ही वार्डो का किया भ्रमण
अस्पताल सुविधाओं के बारे में मरीजों से जाना हाल

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। बलरामपुर चिकित्सालय के नवनियुक्त निदेशक डॉ. बीके सिंह चौहान ने कार्यभार संभालते ही व्यवस्थाओं का जायजा लेना शुरू कर दिया।
मंगलवार को डॉ सिंह ने इमरजेंसी, पैथोलॉजी, सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक, ओपीडी और सभी वार्डों का करीब दो से तीन घंटे तक गहनता से जायजा लिया।
उन्होंने अस्पताल में मौजूद व्यवस्थाओ को खुद परखा और मरीजों से मिलकर उनका हाल जाना और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली । भ्रमण के दौरान डॉ. सिंह ने अधिकारियों, स्टाफ को सख्त निर्देश देते हुए कहा मरीजों की सेवा में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं कमियां मिलने पर जिम्मेदार स्टाफ को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के सख्त निर्देश दिए। इसके पश्चात् डॉ सिंह ने शाम को करीब 7 बजे एक बार फिर नई बिल्डिंग के सभी वार्डों का भ्रमण किया।
उन्होंने अस्पताल परिसर में उपस्थित सभी कर्मियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि अस्पताल का उद्देश्य हर मरीज को समय पर पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना है।
डॉ. बीके सिंह चौहान के इस कड़े रुख और निरंतर सक्रियता से जहाँ एक ओर अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों में अनुशासन का माहौल बना है। वहीं दूसरी ओर दूर-दराज से आने वाले मरीजों को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद जाग उठी है।
इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ हिमांशु चतुर्वेदी एवं चिकित्सा अधीक्षक समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।



