लखनऊ ने हेल्थ रैंकिंग में लगाई छलांग
डॉ. जीपी गुप्ता ने कहा सामूहिक प्रयास से मिली उपलब्धि

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी लखनऊ ने हेल्थ रैंकिंग में मण्डल स्तर पर पहला स्थान हासिल किया है। गुरुवार को
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की मासिक हेल्थ रैंकिंग डैशबोर्ड रिपोर्ट (मई 2026) के अनुसार, लखनऊ मण्डल ने प्रदेश के सभी 18 मण्डलों में प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। मण्डल का समग्र स्कोर 0.66 दर्ज किया गया है, जो विभिन्न स्वास्थ्य संकेतकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है।
इस उपलब्धि का सबसे प्रमुख पहलू यह रहा कि लखनऊ जनपद ने अप्रैल माह में 44वें स्थान से उल्लेखनीय छलांग लगाते हुए मई माह में प्रदेश के 75 जनपदों में प्रथम (1/75) स्थान प्राप्त किया। यह प्रदेश में सर्वाधिक सुधार दर्ज करने वाला जनपद रहा।
साथ ही ‘रिवर्सिबल मेथड प्रति 1000 एलिजिबल कपल संकेतक में 425.3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ भी लखनऊ जनपद ने प्रदेश में सर्वश्रेष्ठ सुधार दर्ज किया।
मण्डल स्तर पर ‘पूर्ण टीकाकरण (बीसीजी, पेंटावैलेंट-1, 2, 3 एवं खसरा)’ संकेतक में 98.78 स्कोर के साथ लखनऊ मण्डल ने प्रदेश में प्रथम (1/18) स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त ‘पेंटावैलेंट-3 एवं बीसीजी अनुपात’ संकेतक में 1.29 स्कोर के साथ मण्डल ने द्वितीय (2/18) स्थान हासिल किया।
जानें जनपदवार स्कोर मण्डल रैंकिंग..
लखनऊ 0.75 -1,हरदोई 0.67 – 2, उन्नाव 0.66 – 3
रायबरेली 0.64 – 4, सीतापुर 0.63 – 5, लखीमपुर खीरी 0.63 – 6, मण्डल के अंतर्गत लखनऊ, हरदोई एवं उन्नाव शीर्ष तीन प्रदर्शन करने वाले जनपद रहे। जबकि रायबरेली, सीतापुर एवं लखीमपुर खीरी में कुछ प्रमुख संकेतकों पर और सुधार की आवश्यकता परिलक्षित हुई।
रिपोर्ट से पता चलता है कि परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी साधनों को अपनाने के मामले में लखनऊ मण्डल का प्रदर्शन अभी और बेहतर किया जा सकता है। इन दोनों संकेतकों में मण्डल की रैंक क्रमशः 10वीं और 9वीं रही है। इन क्षेत्रों में सुधार के लिए आगामी महीनों में विशेष प्रयास किए जाएंगे।
जिला चिकित्सालयों में सिजेरियन प्रसव दर (30% लक्ष्य) के संकेतक में लखनऊ मण्डल को प्रदेश में सातवां (7/18) स्थान प्राप्त हुआ। इस संकेतक में विशेष रूप से लखीमपुर खीरी जनपद का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा। जहाँ इस माह सिजेरियन प्रसव का प्रतिशत शून्य (0%) दर्ज किया गया। इस क्षेत्र में सुधार के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। वहीं इस उपलब्धि पर
अपर निदेशक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, लखनऊ मण्डल एवं निदेशक डॉ श्यामा प्रसाद मुख़र्जी डॉ. जीपी गुप्ता ने कहा कि यह उपलब्धि मण्डल के सभी जनपदों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों, स्वास्थ्य प्रबंधकों, ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य टीमों तथा फील्ड स्वास्थ्य कर्मियों के समन्वित एवं समर्पित प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि आगामी माहों में सिजेरियन प्रसव दर तथा परिवार नियोजन संबंधी संकेतकों में सुधार के लिए विशेष कार्ययोजना लागू की जाएगी। साथ ही अपेक्षाकृत कम प्रदर्शन वाले जनपदों की नियमित समीक्षा कर लक्षित रणनीति के माध्यम से उनके प्रदर्शन में सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।



