आरसीएच कंपोजिट परफार्मेंस इंडेक्स’ में लखनऊ सबसे आगे
प्रदेश के 18 मण्डलों में लखनऊ ने हासिल किया प्रथम स्थान

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। आरसीएच रैंकिंग में लखनऊ ने प्रथम स्थान हासिल कर लिया है। गुरुवार को
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी वर्ष 2025-26 की ‘आरसीएच कंपोजिट परफार्मेंस इंडेक्स’ में लखनऊ मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के 18 मंडलों में प्रथम स्थान हासिल किया है। मंडल ने 75.52 प्रतिशत के कंपोजिट स्कोर के साथ यह उपलब्धि दर्ज की है। वहीं
डॉ.जीपी गुप्ता अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण लखनऊ मंडल द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, लखनऊ मंडल का प्रदर्शन प्रदेश के औसत स्कोर 66.25 प्रतिशत से काफी बेहतर रहा है। रैंकिंग में गोंडा मंडल 75.03 प्रतिशत के साथ दूसरे और अलीगढ़ मंडल 73.62 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
जनपदवार प्रदर्शन में..
लखनऊ मंडल के सभी छह जनपदों ने स्वास्थ्य मानकों पर सराहनीय कार्य किया है। जनपद उन्नाव 83.8 प्रतिशत स्कोर के साथ प्रदेश में चौथे स्थान पर रहकर मंडल में शीर्ष पर रहा।
इसके बाद रायबरेली 79.1 प्रतिशत के साथ नौवें, सीतापुर 77.1 प्रतिशत के साथ 12वें, हरदोई 74.0 प्रतिशत के साथ 23वें, लखनऊ 69.7 प्रतिशत के साथ 33वें तथा खीरी 69.4 प्रतिशत के साथ 36वें स्थान पर रहे।
स्वास्थ्य सूचकांकों में दिखी सुधार की झलक..
मंडल के जनपदों ने गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण, प्रथम त्रैमास पंजीकरण, संस्थागत प्रसव और पूर्ण टीकाकरण जैसे प्रमुख स्वास्थ्य संकेतकों में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है। विशेष रूप से उन्नाव जनपद ने पूर्ण एएनसी में 97.6 प्रतिशत का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
अपर निदेशक ने इस उपलब्धि का श्रेय स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स एवं डेटा प्रबंधन टीम के समन्वित प्रयासों को दिया है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन संकेतकों में अभी सुधार की आवश्यकता है, उन पर विशेष ध्यान देते हुए भविष्य में भी मंडल की अग्रणी स्थिति को बनाए रखा जाए।



