फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवा प्रणाली का एक अभिन्न अंग – ब्रजेश पाठक
डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन के द्विवार्षिक प्रांतीय निर्वाचन


लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन के द्विवार्षिक प्रांतीय अधिवेशन निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हुई।
शनिवार को डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन के द्विवार्षिक प्रांतीय अधिवेशन निर्वाचन में बतौर मुख्य अतिथि डिप्टी सीएम शामिल रहे। डिप्टी सीएम सम्बोधित करते हुए कहा कि
फार्मासिस्ट चिकित्सा विभाग की अहम कड़ी हैं। वे स्वास्थ्य सेवा प्रणाली का एक अभिन्न अंग हैं। फार्मासिस्ट डॉक्टरों द्वारा लिखे गए नुस्खों के अनुसार मरीजों को सुरक्षित और सही दवाएं उपलब्ध कराते हैं।
दवाओं के उपयोग, खुराक, दुष्प्रभावों और परस्पर क्रियाओं के बारे में मरीजों को परामर्श देते हैं। आपके लिए हमारे घर और दफ्तर के दरवाजे सदैव खुले हैं।
उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट की भूमिका केवल मरीजों को दवा देना ही नहीं वरन मरीजों की सुरक्षा और सही उपचार सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में हम लोगों के दायित्व अलग हो सकते हैं,लेकिन लक्ष्य हमारा एक ही है।
प्रदेश के लोगों को सुरक्षित और उच्च गुणवत्तापरख इलाज उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि फार्मासिस्ट हमारे परिवार का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित एसोसिएशन के प्रबंधन को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामानाएं दीं।
कहा कि हमें संयुक्त रूप से अपने विभाग को प्रदेश और देश में नंबर वन बनाना है। वर्ष 2017 से पहले स्वास्थ्य विभाग की क्या स्थिति थी, यह किसी से छिपा नहीं है। आज हम सभी ने बहुत मेहनत से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण मुकाम हासिल किया है लेकिन मंजिल अभी दूर है।
हमें अभी और काम करना है और प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक गुणवत्तापरक इलाज पहुंचाना है।
मांग पत्र को पूरा करने का दिया आश्वासन..
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि एसोसिएशन की ओर से जो भी मांग पत्र प्राप्त हुआ है, उनके स्तर जो संभव होगा, उसका प्रस्ताव तैयार कर मांग को जरूर पूरा कराया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने डीजी, हेल्थ को तत्काल ही प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वे हर परिस्थिति में एसोसिएशन के साथ कंधे से कंधा मिला कर खड़े हैं।
कार्यक्रम में महानिदेशक, चिकित्सा डॉ. पवन कुमार अरुण, महानिदेशक, प्रशिक्षण डॉ. रंजना खरे, प्रदेश अध्यक्ष, डीपीआरए जेके सचान, महामंत्री, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, आरके निगम, जेडी, पैरामेडिकल डॉ. सुनील वर्मा, अध्यक्ष, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद आरके वर्मा,
संप्रेक्षक, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद नागेंद्र भूषण पांडेय, निदेशक, पैरामेडिकल डॉ. संजू अग्रवाल एवं डीपीआरए यूपी महामंत्री प्रदुम्न सिंह, जिला मंत्री राजीव कनौजिया, अन्य लोग उपस्थित रहे।



