मंत्री ने किया औचक निरीक्षण,मिला अवैध कब्ज़ा
मंत्री ने दोषियों पर कठोर कार्रवाई के दिए निर्देश

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी में मंत्री के निरीक्षण में कमियों का अम्बार लग गया।
गुरुवार को मंत्री मत्स्य विभाग, डॉ संजय कुमार निषाद द्वारा प्रातः 10 बजे उत्तर प्रदेश मत्स्य विकास निगम लिमिटेड एवं उत्तर प्रदेश मत्स्य जीवी सहकारी संघ लिमिटेड, एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र तथा मत्स्य विभाग की परिसंपत्ति चक मल्हौरी का औचक निरीक्षण किया। जिसमें
मंत्री ने सबसे पहले उत्तर प्रदेश मत्स्य विकास निगम लिमिटेड पहुंचे, जहां आधे से अधिक कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस दौरान महानिदेशक मत्स्य के. धनलक्ष्मी एवं निदेशक मत्स्य,प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश मत्स्य विकास निगम लिमिटेड एनएस रहमानी उपस्थित रहे।
सीजेएम मंत्री के निगम पहुंचने तक कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। उन्होंने अवगत कराया कि वे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत लखनऊ स्थित गोमती हैचरी के निरीक्षण के लिए गए थे।
मंत्री द्वारा निगम एवं फेडरेशन के सभी जलाशयों की नीलामी तथा वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही आय-व्यय, अभिलेखों एवं मालखाना सहित आवश्यक दस्तावेजों का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान शारदा सागर जलाशय, पीलीभीत में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेकेदारों द्वारा लगभग 1 करोड़ 60 लाख रुपये की अनियमितता कर राजस्व क्षति पहुंचाने का मामला संज्ञान में आया।
इस पर मंत्री ने तत्काल उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए तथा जांच उपरांत दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
मत्स्य विभाग की परिसंपत्ति, गाटा संख्या–16, ऊसर ग्राम–चक मल्हौरी, तहसील सदर, क्षेत्रफल 0.734 हेक्टेयर के औचक निरीक्षण में यह तथ्य सामने आया कि लगभग 3000 वर्ग फीट भूमि पर एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा किया गया है। उक्त संपत्ति का सर्किल रेट 10,000 रुपये प्रति वर्ग फीट से अधिक है।



