बसों को स्टेशन पर खड़ा करने का निर्देश जारी
स्टेशनों पर यात्रियों के लिए पेयजल व्यवस्था हो सुनिश्चित

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। सड़क पर पार्किंग बनाकर बसें खड़ी करना अब भारी पड़ सकता है। गुरुवार को
सड़क सुरक्षा के संबंध में मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री द्वारा प्राप्त निर्देशो के क्रम में उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन सिंह ने समस्त चालकों परिचालकों का नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराये जाने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में कोई भी बस सड़क पर न खड़ी की जाये। समस्त बसें बस स्टेशन परिसर के अन्दर ही खड़ी की जायें और वंही से यात्रियों को बसों में बैठाया एवं उतारा जाये।
श्री सिंह ने कहा कि समस्त बस स्टेशनों की आवश्यकतानुरूप मरम्मत पेंटिंग इत्यादि कार्य कराये जायें। जिससे यात्रियों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या उत्पन्न न होने पाये।
भीषण गर्मी में यात्रियों की पेयजल सुविधाओं के दृष्टिगत समस्त बस स्टेशन पर वाटर कूलर क्रियाशील दशा में हो ताकि यात्रियों को शीतल जल उपलब्ध हो सके।
समस्त बस स्टेशनों पर कर्मचारियों, यात्रियों के लिए ओआरएस घोल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये एवं हीटवेव से बचाव के लिए समस्त जरूरी कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटा जा सके।
समस्त बसों की 31 एवं 13 बिन्दुओं की जांच के उपरान्त ही मार्ग पर संचालन के लिए भेजा जाये ताकि वाहन के खराब ब्रेक डाउन होने पर यात्रियों को भीषण गर्मी में परेशान न होना पड़े।



