65 विद्यार्थियों की दंत जांच के साथ स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
संस्थान निदेशक ने समस्त टीम को दी बधाई

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। स्वास्थ्य जाँच शिविर में विद्यार्थियों को लाभान्वित किया गया।
बुधवार को निदेशक प्रो सीएम. सिंह के मार्गदर्शन में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के दंत चिकित्सा विभाग एवं इनर व्हील क्लब ऑफ ट्रांसगोमती, डिस्ट्रिक्ट 312 के संयुक्त तत्वावधान में प्राथमिक विद्यालय
उज्जरियांव में व्यापक दंत एवं बाल स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 65 विद्यार्थियों ने लाभ उठाया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की दंत जांच की गई तथा मौखिक स्वास्थ्य एवं तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
प्रो. शैली महाजन के नेतृत्व में डॉ. ऋषि भुजबल एवं डॉ. रागिनी गुप्ता ने विद्यार्थियों को दांतों की नियमित सफाई, सही ब्रशिंग तकनीक एवं मौखिक स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को टूथपेस्ट, माउथवॉश सहित अन्य मौखिक स्वच्छता सामग्री भी वितरित की गई।
शिविर में तंबाकू एवं नशा मुक्ति जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। जिसके पश्चात विद्यार्थियों ने “नशा नहीं, तंबाकू नहीं” का संकल्प लिया।
मनोवैज्ञानिक डॉ. कुमुद श्रीवास्तव ने बच्चों को गुड टच-बैड टच के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी और इंटरैक्टिव गतिविधि के माध्यम से उन्हें सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान करने तथा आवश्यकता पड़ने पर विश्वासपात्र व्यक्ति से सहायता लेने के लिए जागरूक किया।
इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को हाथों की स्वच्छता एवं सही हैंडवॉशिंग तकनीक का प्रदर्शन कराया गया। पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता, स्टेशनरी एवं नोटबुक वितरण तथा विद्यालय के पुस्तकालय के लिए कहानी की पुस्तकों का दान भी किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बच्चों में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए तिरंगे झंडों का वितरण किया गया।
मौखिक स्वच्छता, हाथ धोने की आदत एवं पोस्टर निर्माण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सरिता शर्मा तथा शिविर में सहभागी चिकित्सकों को भी सम्मानित किया गया। वहीं
निदेशक प्रो. सीएम सिंह ने प्रो. डॉ. शैली महाजन एवं दंत चिकित्सा विभाग की पूरी टीम, प्राथमिक विद्यालय उज्जरियां की प्रधानाचार्या सरिता शर्मा तथा इनर व्हील क्लब ऑफ लखनऊ ट्रांसगोमती की सदस्यो रीता मित्तल, किरण मांगलिक, ममता सिन्हा एवं अन्य सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
उन्होंने पिछले सप्ताह स्तनपान सप्ताह के दौरान आरपीजी मदर एंड चाइल्ड स्टेट रेफरल हॉस्पिटल संस्थान में आयोजित मां एवं शिशु स्वास्थ्य संबंधी जनजागरूकता एवं सेवा गतिविधियों का उल्लेख करते हुए ऐसे सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।



