उत्तर प्रदेशजीवनशैलीबड़ी खबर

बलरामपुर अस्पताल ने की दो बच्चियों की जटिल सर्जरी 

दोनों बच्चियों को जन्मजात गुदा द्वार बंद होने की थी दिक्कत 

 

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। डॉक्टरों ने जन्मजात बंद गुदा द्वार से पीड़ित बच्चियों की सफल सर्जरी की।

बुधवार को बलरामपुर अस्पताल में जन्मजात गुदा द्वार बंद होने से (ARM- अनोरेक्टल मालफार्मेशन ) से पीड़ित दो मासूम बच्चियों की जटिल शल्य चिकित्सा सफलतापूर्वक की गई। दोनों बच्चियां जन्म से ही गुदा द्वार न होने के कारण योनि मार्ग से मल त्याग करने की समस्या से ग्रसित थी। जनपद सीतापुर निवासी

दोनों बच्चियां लगभग 6 एवं 7 माह की हैं। नाबालिग बच्चियों की निजता एवं पहचान की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उनके नाम एवं अन्य पहचान संबंधी विवरण परिवर्तित,गोपनीय रखे गए हैं।

पहली बच्ची को “निया” (परिवर्तित नाम) तथा दूसरी बच्ची को “आर्या” (परिवर्तित नाम) के रूप में संबोधित किया जा रहा है।

दोनों बच्चियों को जन्म से गुदा द्वार न होने की समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वरिष्ठ बाल शल्य चिकित्सक डॉ. अखिलेश कुमार द्वारा परीक्षण एवं आवश्यक जांच के बाद दोनों बच्चियों की शल्य चिकित्सा का निर्णय लिया गया।

दोनों बच्चियों का ऑपरेशन 19 अगस्त एवं 21 अगस्त को अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर में किया गया। प्रत्येक ऑपरेशन में लगभग तीन घंटे का समय लगा।

जटिल शल्य प्रक्रिया के माध्यम से शरीर की प्राकृतिक संरचना के अनुरूप उचित स्थान पर नया गुदा द्वार बनाया गया। दोनों ऑपरेशन बिना किसी बड़ी जटिलता के सफलतापूर्वक किया गया।

ऑपरेशन के बाद दोनों बच्चियों को पीडियाट्रिक वार्ड-3 में स्थानांतरित किया गया है। दोनों बच्चियां सामान्य रूप से मां का दूध ले रही हैं तथा उनके सभी महत्वपूर्ण जीवन संकेतक सामान्य सीमा में हैं।

दोनों की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है और शीघ्र ही उन्हें चिकित्सकीय सलाह के अनुसार अस्पताल से छुट्टी दिए जाने की संभावना है।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने कहा “दोनों बच्चियों की जटिल सर्जरी का सफलतापूर्वक होना अस्पताल की बाल शल्य चिकित्सा सेवाओं की क्षमता को दर्शाता है। मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने कहा अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा जटिल मामलों का सफल उपचार किया जा रहा है। दोनों बच्चियों की वर्तमान स्थिति संतोषजनक है और उन्हें निरंतर चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। इसी क्रम में

निदेशक डॉ. बीके सिंह चौहान ने कहा यह सफलता पूरी टीम के समन्वित प्रयास का परिणाम है। हमारा प्रयास है कि जरूरतमंद मरीजों को उच्च स्तरीय विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं सरकारी अस्पताल में ही उपलब्ध कराई जाएं।

इस सफल शल्य चिकित्सा में डॉ. अखिलेश कुमार (वरिष्ठ बाल शल्य चिकित्सक), डॉ. महेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. एसए मिर्जा एवं एनेस्थीसिया टीम, निर्मला मिश्रा (सिस्टर इंचार्ज), उर्मिला सिंह, सीमा शुक्ला, अंजना सिंह, स्टाफ नर्स कृष्ण तथा ओटी असिस्टेंट राजू का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

अस्पताल प्रशासन ने पूरी टीम को इस सफल एवं जटिल बाल शल्य चिकित्सा के लिए बधाई देते हुए कहा कि अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता के कारण जन्मजात एवं जटिल रोगों से पीड़ित बच्चों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button