हमें हर क्षेत्र में नये प्रतिमान स्थापित करने होंगे- प्रो जेपी पाण्डेय
एकेटीयू में कुलपति ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। देश के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वीर योद्धाओ को नमन किया गया। शनिवार को
डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इसके पहले शुरूआत कुलपति प्रो जेपी पाण्डेय ने तिरंगा फहरा कर किया।
इस मौके पर पहली बार वन्देमातरम का पूरा गीत गाया गया। इस दौरान कुलपति ने आजादी में अपनी प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को याद कर नमन किया।
कहा कि आज के इस पावन अवसर पर हमें संकल्प लेना चाहिए। अपने कर्तव्य से देश को आगे बढ़ाने में योगदान का। कहा कि 2047 में विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को युवा ही पूरा करेगा। इसलिए हमें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने और नये प्रतिमान स्थापित करने होंगे।
इसका रास्ता नवाचार और मैन्यूफैक्चरिंग से निकलेगा। जितना अधिक देश में नवाचार और उत्पादन होगा उतना तेजी से हम अपने लक्ष्य को पायेंगे। अपने उद्बोधन के दौरान उन्होंने सिन्धू जलसमझौते के जरिये भारत की नीति पर भी प्रकाश डाला।
साथ ही ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए बताया कि इस ऑपरेशन में नई तकनीकी और ड्रोन का भरपूर इस्तेमाल किया गया। जिसका निर्माण देश के एक युवा की कंपनी ने किया है।
यह हमारे लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वविद्यालय के भविष्य की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। बताया कि विश्वविद्यालय अपने कर्मचारियों के कल्याण के लिए कई योजनाओं पर कार्य कर रहा है।
जिस तरह देश बदल रहा है वैसे ही विश्वविद्यालय में भी बदलाव हो रहे हैं। कहा कि छात्रों को पूरी ईमानदारी से अपने क्लास लेने चाहिए। यही देश के लिए उनका सच्चा योगदान है।
वित्त अधिकारी केशव सिंह ने कहा कि आज का दिन हमारे लिये विशेष है। हमें इस दिन के महत्व को समझने की जरूरत है। एक नागरिक के तौर पर हमें अपने अधिकारों के साथ ही कर्तव्यों का भी भलिभांति आभास होना चाहिए।
राष्ट्रनिर्माण में हमें अपना योगदान देना होगा। कहा कि एक विकसित भारत बनाने में हमें शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीकी आदि को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने ऐतिहासिक परिस्थितियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रतिकुलपति प्रो राजीव कुमार ने कहा कि आजादी के मूल्य को हमें समझना होगा। इसे पाने में बहुत कुछ खोना पड़ा। हमने बहुत प्रगति की। लेकिन अभी बहुत कुछ करना बाकी है।
इसलिए इस स्वतंत्रता दिवस देश की प्रगति में भागीदार बनने का संकल्प लेना होगा। इस मौके पर सेंटर फॉर एडवांस स्टडीज के निदेशक प्रो वीरेंद्र पाठक ने कहा कि युवाओं को चिप निर्माण, क्रिटिकल मिनिरल्स पर कार्य करने की जरूरत है। ताकि देश आत्मनिर्भर बन सके।
कार्यक्रम के दौरान छोटी बच्चियों ने देशभक्ति गीत गाये और नृत्य प्रस्तुत किये। साथ ही छात्रों ने कविता पाठ किया। धन्यवाद ज्ञापन देते हुए कुलसचिव रीना सिंह ने वंदे मातरम का अर्थ भी बताया।
कार्यक्रम का संचालन एसो. डीन इनोवेशन डॉ अनुज कुमार शर्मा ने किया। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्रों और रंगोली प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र दिया गया।
इस मौके पर परीक्षा नियंत्रक प्रो दीपक नगरिया, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो ओपी सिंह, सरोज पाण्डेय, उप कुलसचिव डॉ आरके सिंह, उपकुलसचिव डॉ डीपी सिंह, उपकुलसचिव डॉ आयुष श्रीवास्तव सहित शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



