उत्तर प्रदेशजीवनशैलीबड़ी खबर

सर्वाइकल कैंसर बीमारी की रोकथाम संभव – डॉ प्रियंका सिंह 

कैंसर संस्थान में सर्वाइकल कैंसर के बारे में किया जागरूक 

 

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। सर्वाइकल कैंसर के रोकथाम के लिए जागरूक किया गया।

मंगलवार को कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान, लखनऊ में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) के प्रति जागरूकता बढ़ाने, इसकी रोकथाम के उपायों को प्रोत्साहित करने एवं इसके उन्मूलन की दिशा में योगदान देने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

जिसका उद्देश्य महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के कारणों, जोखिम कारकों, शुरुआती लक्षणों एवं संकेतों, बचाव के उपायों, नियमित स्क्रीनिंग तथा समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के बारे में जागरूक करना था।

वहीं स्त्री एवं प्रसूति रोग कैंसर विभाग की एडिशनल प्रोफेसर डॉ. प्रियंका सिंह ने महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक करते हुए इसकी रोकथाम एवं शीघ्र पहचान के विभिन्न उपायों की जानकारी दी।

डॉ. प्रियंका सिंह ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर एक ऐसी बीमारी है, जिसकी अधिकांशतः रोकथाम संभव है तथा शुरुआती अवस्था में पहचान होने पर इसका प्रभावी उपचार किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस का लगातार संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। उन्होंने इस बीमारी से बचाव में एचपीवी टीकाकरण,एचपीवी डीएनए टेस्ट एवं पैप स्मीयर के माध्यम से नियमित स्क्रीनिंग तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

उन्होंने महिलाओं से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करते हुए समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।

उन्होंने वर्ष 2030 तक सर्वाइकल कैंसर को जनस्वास्थ्य की समस्या के रूप में समाप्त करने के वैश्विक लक्ष्य को प्राप्त करने के महत्व पर भी विशेष जोर दिया।

उन्होंने बताया कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि 15 वर्ष की आयु तक 90 प्रतिशत बालिकाओं का एचपीवी के विरुद्ध पूर्ण टीकाकरण हो, 35 वर्ष की आयु तक 70 प्रतिशत महिलाओं की उच्च गुणवत्ता वाली जांच (हाई परफॉरमेंस स्क्रीनिंग टेस्ट ) की जाए तथा 45 वर्ष की आयु में दोबारा स्क्रीनिंग हो।

इसके साथ ही सर्वाइकल संबंधी बीमारी से ग्रसित 90 प्रतिशत महिलाओं को उचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने महिलाओं से स्क्रीनिंग कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा अभिभावकों से पात्र बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण सुनिश्चित कराने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button