शोध क्षेत्र में बढ़ावा देने को कार्यशाला
चिकित्सा क्षेत्र में नर्सिंग विद्यार्थियों, शिक्षकों को दी जानकारी

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। शोध क्षेत्र में बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा जानकारी साझा की गयी।
सोमवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के कॉलेज ऑफ नर्सिंग एवं रिसर्च सेल द्वारा आईक्यूएसी के सहयोग से अनुसंधान पद्धति पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गयी।
जिसका उद्देश्य अंतिम वर्ष के नर्सिंग विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्वास्थ्य पेशेवरों में अनुसंधान संबंधी ज्ञान, कौशल एवं क्षमता को सुदृढ़ करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ समारोह, पारंपरिक दीप प्रज्वलन अतिथियों एवं रिसोर्स पर्सन्स के सम्मान तथा प्री-टेस्ट के साथ हुआ। वहीं संस्थान निदेशक प्रो सीएम सिंह ने कार्यक्रम की सफलता के लिए बधाई दी ।
प्रो राजन भटनागर, डीन ने इस पहल की सराहना की तथा आयोजकों एवं प्रतिभागियों को बधाई दीं। उन्होंने प्रतिभागियों को अनुसंधान गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा संस्थान में अनुसंधान संस्कृति को सुदृढ़ करने के लिए प्रोत्साहित किया।
पूरे दिन आयोजित कार्यशाला में अनुसंधान पद्धति के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर ज्ञानवर्धक एवं संवादात्मक सत्र आयोजित किए गए।
जिनमें अनुसंधान की आवश्यकता एवं महत्त्व, अनुसंधान प्रक्रिया, अनुसंधान अभिगम एवं डिज़ाइन, साहित्य समीक्षा, अनुसंधान प्रश्न एवं उद्देश्यों का निर्माण, चर एवं परिकल्पना की पहचान, सैंपल साइज एवं सैंपलिंग तकनीक, गुणात्मक अनुसंधान डिज़ाइन तथा रिसर्च प्रोटोकॉल लेखन शामिल थे।
विभिन्न सत्रों का संचालन कॉलेज ऑफ नर्सिंग, सामुदायिक चिकित्सा विभाग एवं सामान्य चिकित्सा विभाग के अनुभवी विशेषज्ञों द्वारा किया गया।
पूरे दिन उत्साहपूर्ण एवं संवादात्मक अकादमिक वातावरण बना रहा तथा प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता और सार्थक चर्चाओं में भाग लिया।
कार्यक्रम का समापन पोस्ट-टेस्ट एवं फीडबैक सत्र के साथ हुआ। जिसके माध्यम से प्रतिभागियों के सीखने का आकलन किया गया तथा उनकी मूल्यवान प्रतिक्रियाएं प्राप्त की गईं।
कार्यशाला का आयोजन प्रो शिव कुमार मुडगल, प्राचार्य-सह-प्रोफेसर, कॉलेज ऑफ नर्सिंग, आयोजन अध्यक्ष के नेतृत्व में किया गया। डॉ. अमित कौशिक, प्रोफेसर, सामुदायिक चिकित्सा विभाग,
आयोजन सह-अध्यक्ष; प्रो. निपिन कलाल, उप-प्राचार्य-सह-प्रोफेसर, कॉलेज ऑफ नर्सिंग, आयोजन सचिव, डॉ. नवीना जेएच एवं डॉ. मिली सेंगर, एसोसिएट प्रोफेसर, आयोजन सह-सचिव के रूप में कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



