विभाग में बेड क्षमता बढ़ाने की दिशा में संस्थान प्रयासरत- प्रो आरके धीमन
क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के स्थापना दिवस पर लगा रक्तदान शिविर

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के स्थापना दिवस पर रक्तदान शिविर लगाया गया। शुक्रवार को
संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान के क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग का स्थापना दिवस मनाया गया ।
जिसमें विभाग द्वारा प्रातःकाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान की भावना को प्रोत्साहित करना तथा विभाग एवं संस्थान के सदस्यों को जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य में योगदान के लिए प्रेरित करना था।
इस वर्ष विभाग ने आईसीयु से स्वस्थ होकर लौटे मरीजों के साहस और संघर्ष को सम्मानित किया तथा कठिन परिस्थितियों में उनके साथ मजबूती से खड़े रहे उनके परिवारिक सदस्यों के धैर्य और समर्पण का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सीसीएम विभागाध्यक्ष प्रोफेसर बनानी पोद्दार के स्वागत संबोधन किया । इसके पश्चात संस्थान के निदेशक प्रो आरके धीमन एवं डीन प्रोफेसर मनोज जैन ने सभागार में उपस्थित जनों को संबोधित किया।
वहीं संस्थान निदेशक ने कहा कि विभाग में बेड क्षमता बढ़ाने की दिशा में संस्थान सक्रिय रूप से प्रयासरत है।
कार्यक्रम में लगभग 10–12 आईसीयु सर्वाइवर्स एवं उनके परिवारजन शामिल हुए। सभी ने विभागीय चिकित्सकों एवं स्टाफ द्वारा प्रदान की गई देखभाल के प्रति आभार व्यक्त किया।
परिवार के सदस्यों ने आईसीयु में अपने प्रियजनों के भर्ती रहने के दौरान उनके द्वारा झेले गए कठिन दौर को भावुकता से साझा किया।
कुछ सर्वाइवर्स ने अपने अनुभवों को हास्य और सहजता के साथ साझा करते हुए उस कठिन यात्रा की यादें ताजा कीं। सभी ने विभागीय स्टाफ द्वारा प्रदान मार्गदर्शन एवं निरंतर प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया।
विभाग की ओर से सभी सर्वाइवर्स एवं उनके परिवारजनों को छोटे-छोटे उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विभाग ने आईसीयु में पर्दे के पीछे निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने वाले स्टाफ के योगदान को भी सम्मानित किया। विभाग ने उनके निःस्वार्थ कार्य के प्रति आभार व्यक्त करते हुए प्रत्येक स्टाफ सदस्य को प्रशंसा स्वरूप एक छोटा उपहार प्रदान किया।
कार्यक्रम का समापन प्रोफेसर अफजल अजीम द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित सभी सर्वाइवर्स, उनके परिवारजनों, चिकित्सकों एवं स्टाफ के साथ सामूहिक छायाचित्र लिए गए।



