विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह के तहत किया वॉकथॉन
डॉक्टरों एएमआर के बढ़ते खतरे को ले किया जागरूक

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस सप्ताह पर जागरूकता अभियान चलाया गया।
बुधवार को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के माइक्रोबायोलॉजी विभाग द्वारा विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह के तहत जागरूकता वॉकथॉन आयोजित किया गया।
संस्थान कुलपति, पद्मश्री प्रो. सोनिया नित्यानंद के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। जिसका उद्देश्य चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, विद्यार्थियों एवं आमजन को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) के बढ़ते खतरे तथा एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करना था।
विश्व एएमआर जागरूकता सप्ताह प्रतिवर्ष 18 से 24 नवंबर तक विश्व स्तर पर मनाया जाता है। इसका उद्देश्य एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इसके नियंत्रण के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।
डॉक्टरों का कहना है कि एएमआर वह स्थिति है। जिसमें बैक्टीरिया, वायरस, फंगस एवं परजीवी जैसे सूक्ष्मजीवों पर उन्हें नियंत्रित करने वाली दवाओं का प्रभाव कम या समाप्त हो जाता है। जिससे सामान्य संक्रमणों का उपचार भी कठिन हो सकता है।
इस वर्ष की थीम “वन हेल्थ, वन एक्शन: प्रिवेंट एएमआर नाउ” (एक स्वास्थ्य, एक प्रयास: एएमआर की रोकथाम अभी करें) रखी गई है।
यह थीम मानव, पशु, वनस्पति एवं पर्यावरण के स्वास्थ्य के बीच गहरे संबंध को रेखांकित करती है तथा एंटीमाइक्रोबियल दवाओं की प्रभावशीलता बनाए रखने के लिए सभी क्षेत्रों के समन्वित प्रयासों पर बल देती है। वहीं
वॉकथॉन का शुभारंभ विश्वविद्यालय की प्रति-कुलपति प्रो. अंजू अग्रवाल द्वारा प्रशासनिक भवन के समक्ष हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर उप-अधिष्ठाता (शैक्षणिक) प्रो. विमला वेंकटेश, कार्यवाहक अधिष्ठाता, दंत चिकित्सा संकाय प्रो. नंदलाल,
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बीके ओझा, मुख्य कुलानुशासक प्रो. आरएएस कुशवाहा, नर्सिंग संकाय की अधिष्ठाता प्रो. अमिता पांडेय तथा श्वसन चिकित्सा विभागाध्यक्ष प्रो. सूर्यकांत त्रिपाठी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त प्रो. राज कुमार कल्याण, प्रो. प्रशांत गुप्ता, डॉ. शीतल वर्मा, डॉ. श्रुति राडेरा, डॉ. वसुधा एवं डॉ. सर्वोदय सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के अनेक वरिष्ठ संकाय सदस्य भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
इस मौके पर लगभग 400 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिसमें एमबीबीएस, बीडीएस, नर्सिंग एवं संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान के विद्यार्थी, शोधार्थी, स्वास्थ्यकर्मी तथा विश्वविद्यालय के अन्य कर्मचारी शामिल थे।
वॉकथॉन प्रशासनिक भवन से प्रारंभ होकर ओपीडी भवन तथा गांधी मेमोरियल एवं संबद्ध चिकित्सालयों के विभिन्न परिसरों से गुजरते हुए कलाम सेंटर पहुंची । अभियान के दौरान
प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी पोस्टर एवं बैनर लेकर एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक उपयोग को रोकने, संक्रमण की रोकथाम तथा एएमआर के खतरे से बचाव के संदेश दिए।
पूरे मार्ग में लगाए गए जागरूकता नारों ने मरीजों, तीमारदारों एवं राहगीरों का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें एंटीबायोटिक दवाओं के सही उपयोग के प्रति जागरूक किया।



