फ्लोरोस्कोपी मशीन से मरीजों को सटीक जांच सुविधाएं हुई आसान – प्रो एमएलबी भट्ट
कल्याण सिंह कैंसर संस्थान को मिली फ्लोरोस्कोपी मशीन

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। मरीजों की सटीक जाँच के लिए फ्लोरोस्कोपी मशीन की सुविधा उपलब्ध होगी।
सोमवार को कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान में जापानी तकनीक से लैस अत्याधुनिक रेडियोलॉजी “फ्लोरोस्कोपी मशीन” आ गई है।
वहीं संस्थान के निदेशक प्रो. एमएलबी भट्ट ने मशीन की अनबॉक्सिंग की। यह हाई-टेक मशीन बहुत जल्द मरीजों की जांच एवं विभिन्न चिकित्सकीय प्रक्रियाओं के लिए उपलब्ध होगी।
इस मशीन के माध्यम से गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ट्रैक्ट स्टडी, बेरियम स्टडी, ऑर्थोपेडिक एवं जोड़ों से संबंधित प्रक्रियाएं, यूरोलॉजिकल तथा गायनेकोलॉजिकल जांच अधिक सुगमता एवं बेहतर इमेजिंग के साथ की जा सकेंगी।
इसके अलावा महिलाओं को हिस्टेरोसाल्पिंगोग्राफी जांच की सुविधा भी मिल सकेगी। सर्जिकल गाइडेंस एवं पेन मैनेजमेंट में भी यह मशीन चिकित्सकों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो.एमएलबी भट्ट ने कहा कि “अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह फ्लोरोस्कोपी मशीन संस्थान में मरीजों को बेहतर और सटीक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इससे जटिल प्रक्रियाओं को अधिक सुरक्षित और प्रभावी तरीके से करने में चिकित्सकों को मदद मिलेगी।
रेडियोलॉजी विभागाध्यक्ष एवं डीन डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता ने कहा कि “यह अत्याधुनिक मशीन रेडियोलॉजी विभाग की सुविधाओं को और मजबूत करेगी।
इसके माध्यम से कई महत्वपूर्ण जांच एवं इंटरवेंशनल प्रक्रियाएं अधिक सटीकता और सुविधा के साथ की जा सकेंगी, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजेंद्र कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण विजय एवं वित्त अधिकारी उपेंद्र तिवारी सहित अन्य चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



