उत्तर प्रदेशजीवनशैलीबड़ी खबर

गांधी और शास्त्री राष्ट्र एवं समाज की सेवा करने की प्रेरणा – प्रो एमएलबी भट्ट

कैंसर संस्थान में दो महान नेताओं को दी श्रद्धांजलि 

 

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। देश भर में महात्मा गाँधी और लाल बहादुर शास्त्री को नमन किया गया। शुक्रवार को कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान में

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जन्म जयंती एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जन्म जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गयी।

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. एमएलबी भट्ट सहित चिकित्सकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महान नेताओं के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के निदेशक प्रो एमएलबी भट्ट ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, सेवा, स्वच्छता और मानवता के मूल्यों का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए।

एक स्वास्थ्य संस्थान के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे बनाए रखने में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की सहभागिता आवश्यक है।

उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शास्त्री का जीवन सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण है।

उनका प्रसिद्ध मंत्र “जय जवान, जय किसान” देश की सुरक्षा और कृषि क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि गांधी और शास्त्री के आदर्श आज भी हम सभी को निस्वार्थ भाव से राष्ट्र एवं समाज की सेवा करने की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर संस्थान परिसर में “विशेष स्वच्छता अभियान” भी चलाया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परिसर के विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई की तथा स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि “स्वच्छता, सेवा और जिम्मेदारी स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं। यह केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रतिदिन अपनाई जाने वाली जिम्मेदारी है।

महात्मा गांधी के स्वच्छ, स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर भारत के विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री जी के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपने आचरण में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम में संस्थान के चिकित्सक, अधिकारी, नर्सिंग अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button