आधुनिक कैंसर चिकित्सा में नवीनतम तकनीकों एवं वैज्ञानिक अनुसंधान का विशेष महत्व -प्रो एमएलबी भट्ट
डॉक्टरों ने कैंसर इलाज की अत्याधुनिक तकनिकि पर दी जानकारी

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। डॉक्टरों ने कैंसर उपचार के लिए अत्याधुनिक तकनिकि पर जानकारी साझा की। शुक्रवार को
कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग द्वारा संस्थान के प्रशासनिक भवन स्थित सभागार में अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान श्रृंखला के अंतर्गत एमआर-लिनक तकनीक पर एक विशेष अंतरराष्ट्रीय व्याख्यान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिप्राप्त रेडिएशन ऑन्कोलॉजी फिजिसिस्ट डॉ. इंद्रा जे. दास ने “इंट्रोडक्शन एंड रोल ऑफ़ एमआर- लिनक इन एडवांस्ड एडाप्टिव रेडिएशन थेरेपी ” विषय पर व्याख्यान दिया।
कार्यक्रम में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान सहित अन्य प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों एवं निजी कॉरपोरेट अस्पतालों से लगभग 150 से अधिक रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट,
मेडिकल फिजिसिस्ट, रेडियोथेरेपी एवं रेडियोलॉजी तकनीशियनों तथा नर्सिंग अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। डॉ. दास ने एमआर – लिनक तकनीक की कार्यप्रणाली, आधुनिक कैंसर उपचार में इसकी भूमिका तथा उन्नत अनुकूलनशील विकिरण चिकित्सा में इसकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि एमआर लिनक एक अत्याधुनिक तकनीक है। जिसमें मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग और रेडिएशन थेरेपी का संयोजन किया गया है।
यह तकनीक उपचार के दौरान ट्यूमर एवं उसके आसपास स्थित सामान्य अंगों की स्थिति की निरंतर निगरानी करते हुए अधिक सटीकता के साथ विकिरण देने में सहायक होती है। इससे उपचार को मरीज की बदलती शारीरिक स्थिति के अनुसार अनुकूलित करने में मदद मिलती है।
इस अवसर पर डॉ. इंद्रा जे. दास ने अपनी लिखी हुई दो पुस्तकें संस्थान को भेंट कीं। यह संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक योगदान रहा। वहीं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के निदेशक प्रो. एमएलबी. भट्ट ने कहा कि आधुनिक कैंसर चिकित्सा में नवीनतम तकनीकों एवं वैज्ञानिक अनुसंधान का विशेष महत्व है।
इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक कार्यक्रम चिकित्सकों एवं तकनीकी विशेषज्ञों को वैश्विक स्तर पर हो रहे नवीनतम विकास से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम में संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. शालीन कुमार तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव गुप्ता की उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता, डीन एवं प्रोफेसर, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग द्वारा किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के निदेशक प्रो. एमएलबी भट्ट के मार्गदर्शन में तथा रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. शरद सिंह के सहयोग से किया गया।
प्रो. डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता तथा मेडिकल फिजिसिस्ट एवं रेडियोलॉजिकल सेफ्टी ऑफिसर रगुल टी. की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजेंद्र कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण विजय, कार्यकारी रजिस्ट्रार डॉ. आयुष लोहिया सहित संस्थान के अन्य संकाय सदस्य, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग के रेजिडेंट चिकित्सक, तकनीशियन एवं नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों ने आधुनिक विकिरण चिकित्सा की नवीनतम तकनीकों पर विचार-विमर्श किया तथा अपने अनुभवों एवं जिज्ञासाओं को साझा किया।



