लखनऊ के अस्पतालों में एसजीपीजीआईएमएस ने हासिल किया प्रथम स्थान
देश स्तर पर द वीक–हंसा रिसर्च बेस्ट हॉस्पिटल्स सर्वे रिपोर्ट में मिला 7वाँ स्थान

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। देश स्तर पर एसजीपीजीआइएमएस ने 7 वां स्थान हासिल कर बहुविशेषज्ञता दर्ज कराई है। रविवार को
संजय गाँधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए द वीक–हंसा रिसर्च बेस्ट हॉस्पिटल्स सर्वे 2026 में देश के सर्वश्रेष्ठ बहुविशेषज्ञता अस्पतालों की श्रेणी में 7वाँ स्थान प्राप्त किया है।
इस उपलब्धि के साथ संस्थान ने सरकारी एवं निजी, दोनों क्षेत्रों के चिकित्सा संस्थानों को सम्मिलित करते हुए देश के शीर्ष दस बहुविशेषज्ञता अस्पतालों में अपना स्थान सुनिश्चित किया है।
वर्ष 2026 का यह सर्वेक्षण देश के 19 प्रमुख शहरों एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के साथ-साथ दस विशिष्ट चिकित्सा विशेषज्ञताओं को सम्मिलित करते हुए आयोजित किया गया।
सर्वेक्षण में मुख्यतः पाँच महत्वपूर्ण मानकों समग्र प्रतिष्ठा, चिकित्सकों की दक्षता आधारभूत संरचना एवं सुविधाएँ, अनुसंधान एवं नवाचार तथा रोगी देखभाल के आधार पर चिकित्सा संस्थानों का मूल्यांकन किया गया।
ये मानक चिकित्सा संस्थानों की गुणवत्ता, व्यावसायिक प्रतिष्ठा एवं उत्कृष्टता के विभिन्न आयामों को प्रतिबिंबित करते हैं।
संस्थान ने एक अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त करते हुए देश के राजकीय मल्टीस्पेशियेल्टी अस्पतालों की श्रेणी में तृतीय स्थान हासिल किया है।
इस श्रेणी में एसजीपीजीआईएमएस ने अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली तथा स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर), चंडीगढ़ के पश्चात अपना स्थान सुनिश्चित किया है।
यह उपलब्धि देश के अग्रणी राजकीय चिकित्सा संस्थानों में संस्थान की विशिष्ट पहचान एवं उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
इसके अलावा संस्थान ने लखनऊ के अस्पतालों में प्रथम स्थान, उत्तर भारत के बहुविशेषज्ञता अस्पतालों में पाँचवाँ स्थान तथा उत्तरी क्षेत्र के राजकीय बहुविशेषज्ञता अस्पतालों में तृतीय स्थान प्राप्त किया है।
बहुविशेषज्ञता अस्पतालों की समग्र रैंकिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ-साथ संस्थान को पाँच प्रमुख चिकित्सा विशेषज्ञताओं में भी उल्लेखनीय स्थान प्राप्त हुआ है। इनमें पल्मोनोलॉजी, न्यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, डायबिटीज केयर तथा कार्डियोलॉजी शामिल हैं।
इन उपलब्धियों से संस्थान की व्यापक चिकित्सकीय विशेषज्ञता, उन्नत निदान एवं उपचार सुविधाओं तथा जटिल रोगों के प्रबंधन में उसकी विशिष्ट क्षमताओं का परिचय मिलता है।
द वीक–हंसा रिसर्च बेस्ट हॉस्पिटल्स सर्वे देश के प्रतिष्ठित समाचार साप्ताहिक द वीक द्वारा हंसा रिसर्च के सहयोग से प्रतिवर्ष आयोजित किया जाने वाला एक राष्ट्रीय सर्वेक्षण है।
जिसका उद्देश्य देश के अग्रणी बहुविशेषज्ञता एवं विशिष्ट चिकित्सा संस्थानों का मूल्यांकन कर उनकी रैंकिंग निर्धारित करना है।
इस सर्वेक्षण के अंतर्गत चिकित्सा विशेषज्ञों की राय एवं मूल्यांकन के साथ-साथ तथ्यात्मक आंकड़ों के सत्यापन तथा विशेषज्ञों की समीक्षा के आधार पर चिकित्सा संस्थानों का व्यापक आकलन किया जाता है।
इसका प्रमुख उद्देश्य मरीजों, चिकित्सा पेशेवरों एवं आमजन को देश के अग्रणी चिकित्सा संस्थानों की प्रतिष्ठा, चिकित्सकीय विशेषज्ञता, आधारभूत संरचना, अनुसंधान क्षमताओं तथा रोगी देखभाल की गुणवत्ता के संबंध में विश्वसनीय एवं उपयोगी जानकारी प्रदान करना है।



