उत्तर प्रदेशजीवनशैलीबड़ी खबर

मोटापा से ग्रसित मरीजों ने गिनाये स्वास्थ्य लाभ 

संस्थान निदेशक ने विभाग कार्यों को सराहा 

 

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। मोटापा से ग्रसित मरीजों ने स्वास्थ्य लाभ लेकर अपने अनुभव साझा किये। शनिवार को

डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग द्वारा मोटापा एवं सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए रोगी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में बैरिएट्रिक सर्जरी के लाभों को रोगियों के अनुभवों एवं वैज्ञानिक परिचर्चा के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। जिसमें गोरखपुर निवासी श्री सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि एक वर्ष में 25 किलोग्राम वजन कम किया।

इसके परिणामस्वरूप उनकी चलने-फिरने की क्षमता में सुधार हुआ और व्हीलचेयर पर निर्भरता ख़त्म हो गयी। साथ ही उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह की दवाइयां भी बंद हो गईं।

इसी क्रम में लखनऊ निवासी गुलाटी ने बताया कि दो वर्षों में 60 किलोग्राम से अधिक वजन कम करने से उनके समग्र स्वास्थ्य, मानसिक एवं भावनात्मक स्थिति तथा दैनिक जीवनशैली में उल्लेखनीय सुधार हुआ।

कानपुर निवासी अंजू ने बताया कि बैरिएट्रिक सर्जरी के बाद मोटापे से संबंधित उनकी बार-बार होने वाली दर्दनाक हर्निया की समस्या में काफी राहत मिली। रोगियों के साथ हुए संवाद में मोटापे से जुड़ी विभिन्न जटिलताओं, उपचार के विकल्पों, सर्जरी के बाद पोषण, नियमित फॉलो-अप एवं दीर्घकालिक जीवनशैली में सुधार के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

रोगियों एवं उनके परिजनों ने मोटापे के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए जागरूकता दूत बनने की इच्छा भी व्यक्त की। वहीं संस्थान के निदेशक प्रो. सीएम सिंह ने बैरिएट्रिक सर्जरी के बाद प्राप्त उत्साहजनक परिणामों एवं रोगियों की सकारात्मक प्रतिक्रियाओं की सराहना की।

उन्होंने बताया कि संस्थान में अत्याधुनिक रोबोटिक बैरिएट्रिक सर्जरी की सुविधा ने रोगियों को प्रदान की जा रही चिकित्सा सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया है।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ विक्रम सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरविंद सिंह, अधिष्ठाता प्रो. राजन भटनागर एवं कार्यकारी कुलसचिव सुब्रत चंद्रा ने संस्थान की विशिष्ट, रोगी-केंद्रित चिकित्सा सेवाओं तथा दीर्घकालिक फॉलो-अप व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

डॉ. भुवन तिवारी ने अत्यधिक मोटापे से संबंधित हृदय संबंधी जटिलताओं एवं मेटाबॉलिक सिंड्रोम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. दीपक सिंह ने मोटापे से संबंधित तंत्रिका तंत्र एवं मांसपेशियों और हड्डियों की जटिलताओं पर चर्चा की।

इनमें गंभीर पीठ दर्द, गठिया एवं चलने-फिरने में होने वाली कठिनाइयां प्रमुख हैं। डॉ. एसएस नाथ ने मोटापे से संबंधित श्वसन संबंधी जटिलताओं तथा एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर के दौरान आने वाली चुनौतियों पर प्रकाश डाला। डॉ. आकाश अग्रवाल ने बताया कि मोटापा कई प्रकार के कैंसर के लिए एक स्वतंत्र जोखिम कारक है।

सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी एवं बैरिएट्रिक्स विभागाध्यक्ष डॉ. अंशुमान पांडेय ने वजन कम करने वाली सर्जरी के दीर्घकालिक लाभों पर प्रकाश डाला।

विभाग के 100 से अधिक रोगियों के हालिया समूह के परिणाम साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सर्जरी के बाद 70.6% रोगियों में टाइप-2 मधुमेह में रिमिशन, 62.1% में उच्च रक्तचाप में सुधार तथा 72.7% रोगियों में ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया का समाधान देखा गया।

इसके साथ ही रोगियों के जीवन की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया।

कार्यक्रम में संस्थान के संकाय सदस्यों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, रोगियों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button