उत्तर प्रदेशजीवनशैलीबड़ी खबर

पांच दशक की चिकित्सा साधना को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान

राजधानी में सजेगा नेशनल चेस्ट समिट का मंच

 

मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी सी एम होंगे शामिल 

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। चिकित्सा जगत में पांच दशकों तक अपनी प्रतिभा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं से विशिष्ट पहचान बनाने वाले पद्मश्री सम्मानित प्रो. राजेन्द्र प्रसाद के सम्मान में ऐतिहासिक चिकित्सा आयोजन की साक्षी बनने जा रही है।

शुक्रवार को गंज स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पद्मश्री प्रो राजेंद्र प्रसाद, डॉ टीपी सिंह, डॉ निखिल गुप्ता, डॉ हर्षिता रानी, डॉ रचित शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि

प्रो राजेंद्र प्रसाद के चिकित्सा क्षेत्र में 50 वर्षों की गौरवशाली सेवा पूर्ण होने एवं पद्मश्री पुरस्कार से पुरस्कृत किये जाने के उपलक्ष्य में 15 नवंबर को होटल क्लार्क्स अवध में नेशनल चेस्ट समिट-2026 का आयोजन किया जा रहा है ।

इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश-विदेश के 300 से अधिक चिकित्सकों, विशेषज्ञों एवं चिकित्सा जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शामिल होकर समिट का शुभारम्भ करेंगे।

समिट का उद्घाटन समारोह शाम 7:30 बजे आयोजित होगा। साथ ही पद्मश्री सम्मानित प्रो सोनिया नित्यानंद, कुलपति किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी विशिष्ट अतिथि तथा पद्मश्री सम्मानित प्रो. दिगंबर बेहरा, अध्यक्ष, नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज (इंडिया) समारोह की अध्यक्षता करेंगे।

इसके अलावा प्रो. सरोज चूरामणि गोपाल, प्रो. एसके कटियार, प्रो एसके जिंदल, प्रो संजीव मिश्रा, प्रो एमएलबी भट्ट, प्रो अब्बास अली महदी, प्रो. सीएम सिंह और प्रो. आलोक धवन सहित चिकित्सा एवं शैक्षणिक जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहेंगी।

टीबी, कैंसर और आधुनिक तकनीक तथा चेस्ट केयर में एआई की भूमिका पर होगा मंथन..

नेशनल चेस्ट समिट में श्वसन रोगों के निदान, उपचार और आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों पर व्यापक वैज्ञानिक चर्चा होगी। ड्रग रेजिस्टेंट टीबी, लंग कैंसर, इंटरस्टिशियल लंग डिजीज, धूम्रपान छोड़ने, होम नेबुलाइजेशन,

हाइपोक्सीमिया के बेहतर प्रबंधन, फार्माकोविजिलेंस, सीओपीडी एवं अस्थमा के आधुनिक उपचार और ड्रग एलर्जी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ अपने अनुभव एवं शोध साझा करेंगे।

सम्मेलन का विशेष आकर्षण चेस्ट केयर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर आयोजित विशेष संगोष्ठी होगी। इसमें चिकित्सा क्षेत्र में नई तकनीकों के उपयोग और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।

पहली बार प्रो. राजेन्द्र प्रसाद चेस्ट एक्सीलेंस अवार्ड की स्थापना

पहली बार स्थापित होगा प्रो. राजेन्द्र प्रसाद चेस्ट एक्सीलेंस अवार्ड, प्रो. वीके जैन होंगे प्रथम सम्मानित

श्वसन चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चेस्ट केयर एंड रिसर्च सोसाइटी ने पहली बार प्रो. राजेन्द्र प्रसाद चेस्ट एक्सीलेंस अवार्ड की स्थापना की है।

इस प्रतिष्ठित सम्मान का पहला पुरस्कार एसपी मेडिकल कॉलेज, बीकानेर के श्वसन चिकित्सा विभाग के पूर्व प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष प्रो. वीके जैन को प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रो. जैन ‘आज की उन्नत तकनीक के युग में श्वसन चिकित्सा में क्लिनिकल अप्रोच की प्रासंगिकता’ विषय पर विशेष व्याख्यान देंगे।

यह पुरस्कार श्वसन चिकित्सा में अकादमिक उत्कृष्टता, नैदानिक विशेषज्ञता और उल्लेखनीय योगदान को सम्मानित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, दुबई और कतर से भी पहुंचेंगे प्रो. राजेन्द्र प्रसाद के पूर्व विद्यार्थी

समिट का एक महत्वपूर्ण पक्ष प्रो. राजेन्द्र प्रसाद के उन पूर्व विद्यार्थियों की सहभागिता भी होगी, जो आज अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, यूनाइटेड किंगडम, दुबई और कतर सहित दुनिया के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे रहे हैं।

अपने गुरु के सम्मान में एक मंच पर जुटने वाले ये चिकित्सक इस आयोजन को विशेष भावनात्मक और शैक्षणिक महत्व प्रदान करेंगे। सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय अनुभवों के आदान-प्रदान के साथ चिकित्सा क्षेत्र में नए सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी।

नेशनल चेस्ट समिट-2026 का आयोजन चेस्ट केयर एंड रिसर्च सोसाइटी द्वारा नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज (इंडिया) के उत्तर प्रदेश राज्य चैप्टर, उत्तर प्रदेश ट्यूबरकुलोसिस एसोसिएशन, इंडियन कैंसर सोसाइटी की उत्तर प्रदेश शाखा तथा एरा’ज़ मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, एरा यूनिवर्सिटी के श्वसन चिकित्सा विभाग के सहयोग से किया जा रहा है।

यह आयोजन एक ओर जहां प्रो. राजेन्द्र प्रसाद की पांच दशक की समर्पित चिकित्सा यात्रा का अभिनंदन करेगा। वहीं दूसरी ओर श्वसन चिकित्सा के क्षेत्र में ज्ञान, अनुसंधान, आधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का अवसर बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button