18 सूत्रीय मांगों को ले डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन सीएमओ कार्यालय पर देंगे धरना
20 नवंबर को महानिदेशक कार्यालय का घेराव करने तैयारी

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन में नाराजगी बढ़ने लगी है। 18 सूत्रीय मांगों के निराकरण को लेकर डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने आंदोलन करने के लिए कमर कस ली है।
एसोसिएशन के आह्वान पर जनपद लखनऊ के सभी चीफ फार्मासिस्ट और फार्मासिस्ट 13 नवंबर को यानि कल मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर एक दिवसीय धरना देकर नाराजगी जाहिर करेंगे।
वहीं गुरुवार को संघ के अध्यक्ष अरुण अवस्थी और मंत्री कपिल वर्मा ने बताया कि धरने के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सीएमओ को सौंपा जाएगा।
उन्होंने बताया कि आंदोलन के दूसरे चरण में 20 नवंबर को महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं के कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें जनपद के सभी चीफ फार्मासिस्ट और फार्मासिस्ट शामिल होंगे।
एसोसिएशन का कहना है कि लंबे समय से 18 सूत्रीय मांगों पर शासन स्तर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जिसके चलते फार्मासिस्टों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।



