UPAROICON 2026 : कैंसर उपचार पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों का दो दिवसीय मंथन
देश भर से विभिन्न संस्थानों के स्वास्थ्य विशेषज्ञ होंगे शामिल

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। कैंसर उपचार को और प्रभावी बनाने के लिए दो दिवसीय स्वास्थ्य विशेषज्ञ गहन मंथन करेंगे।
शनिवार को कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग द्वारा 37वें UPAROICON 2026 का आयोजन 31 अक्टूबर से 1 नवंबर तक किया जा रहा है।
जिसे राजधानी के एक होटल में होगा। जिसमें “ट्रांसफार्मिंग कैंसर केयर : इंटीग्रेटिंग टेक्नोलॉजी , प्रेसिशन एंड पेशेंट सेंट्रिक ऑन्कोलॉजी विषय पर आधारित उत्तर प्रदेश में कैंसर चिकित्सा के क्षेत्र का एक प्रमुख वैज्ञानिक सम्मेलन है।
इसमें देश के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों से लगभग 300 कैंसर विशेषज्ञ चिकित्सकों के शामिल होने की संभावना है। जिनमें करीब 250 रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट होंगे।
सम्मेलन के दौरान कैंसर चिकित्सा से संबंधित नवीनतम तकनीकों, वैज्ञानिक शोध और उपचार की आधुनिक पद्धतियों पर विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे।
सम्मेलन का आयोजन अध्यक्ष कल्याण सिंह कैंसर संस्थान के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. शरद सिंह हैं।
जबकि आयोजन सचिव संस्थान के डीन एवं अपर प्रोफेसर, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता हैं। साथ में डॉ. रुमिता सिंह, सहायक प्रोफेसर, रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग, सह-आयोजन सचिव हैं। वहीं
सम्मेलन में संस्थान के निदेशक प्रो. एमएलबी भट्ट द्वारा प्रतिष्ठित डॉ. एमसी पंत ओरेशन दिया जाएगा। इस सत्र में कैंसर उपचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिष्ठित डॉ. बीएन लाल ओरशन का भी आयोजन किया जाएगा।
यह प्रतिष्ठित ओरशन डॉ. शालिनी सिंह, प्रोफेसर, विभागाध्यक्ष, रेडियोथेरेपी विभाग, SGPGI, लखनऊ द्वारा प्रदान किया जाएगा। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में एसोसिएशन ऑफ रेडिएशन ऑन्कोलॉजिस्ट्स ऑफ इंडिया के चेयरमैन डॉ. मनोज गुप्ता (देहरादून) मुख्य अतिथि होंगे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में AROI के अध्यक्ष डॉ. एसएन सेनापति (भुवनेश्वर) तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. कमल साहनी उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त AROI के सचिव डॉ. वी. श्रीनिवासन (चेन्नई),
UPAROI की अध्यक्ष डॉ. सोनिया तिवारी एवं सचिव डॉ. शादाब आलम सहित उत्तर प्रदेश एवं देश के विभिन्न हिस्सों से अनेक प्रतिष्ठित कैंसर विशेषज्ञ, वरिष्ठ चिकित्सक एवं प्रख्यात शिक्षाविद् सम्मेलन में सहभागिता करेंगे।
सम्मेलन का उद्देश्य कैंसर चिकित्सा के क्षेत्र में हो रही नवीनतम प्रगति, आधुनिक उपचार तकनीकों और वैज्ञानिक शोध के निष्कर्षों को साझा करना तथा मरीजों को बेहतर, सुरक्षित और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर चर्चा करना है।
94 शोध-पत्रों के माध्यम से विभिन्न विषय होंगे साझा..
सम्मेलन के दौरान कैंसर चिकित्सा से जुड़े विभिन्न विषयों पर कुल 96 शोध-पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे।
इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विशेषज्ञों और युवा चिकित्सकों को अपने शोध कार्य, नवीनतम वैज्ञानिक निष्कर्षों और उपचार संबंधी अनुभवों को साझा करने का अवसर मिलेगा।
इससे कैंसर के उपचार में नए विचारों, वैज्ञानिक सहयोग और साक्ष्य-आधारित चिकित्सा पद्धतियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
मस्तिष्क के ट्यूमर से लेकर और कई तरह के कैंसर के उपचार पर होगी चर्चा..
सम्मेलन के पहले दिन, 31 अक्टूबर को आयोजित वैज्ञानिक सत्रों में मस्तिष्क, सिर एवं गर्दन, सारकोमा और स्तन कैंसर सहित विभिन्न प्रकार के कैंसर के उपचार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।
सारकोमा के उपचार में रेडियोथेरेपी की बदलती भूमिका:- सॉफ्ट टिश्यू सारकोमा और इविंग सारकोमा में रेडियोथेरेपी की नवीनतम तकनीकों, उपचार के उचित समय और मरीजों के लिए उपयुक्त उपचार रणनीतियों पर चर्चा होगी।
सम्मेलन में विभिन्न वैज्ञानिक सत्रों के अंतर्गत विशेषज्ञ व्याख्यान, पैनल चर्चाएं और डिबेट आयोजित किए जाएंगे।
इन सत्रों के माध्यम से चिकित्सकों को कैंसर के उपचार में उपलब्ध विभिन्न विकल्पों, आधुनिक तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग और उपचार संबंधी निर्णय लेने में आने वाली चुनौतियों को समझने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में संस्थान निदेशक प्रो. एमएलबी भट्ट सहित वरिष्ठ चिकित्सकों और विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ शामिल होंगे।
कैंसर देखभाल पर रहेगा विशेष जोर..
सम्मेलन में कैंसर उपचार के साथ रोगियों की शारीरिक, मानसिक और पोषण संबंधी आवश्यकताओं को भी महत्व दिया जाएगा।
इसके अंतर्गत उपचार यात्रा के शुरुआती चरणों में पैलिएटिव केयर को शामिल करने, कैंसर रोगियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने तथा कीमोरेडिएशन के दौरान पोषण की स्थिति बेहतर बनाए रखने जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
रेजिडेंट चिकित्सकों के लिए प्रश्नोत्तरी और बेस्ट पेपर प्रेजेंटेशन
युवा चिकित्सकों की शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मेलन में रेजिडेंट चिकित्सकों के लिए विशेष प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता (क्विज) और बेस्ट पेपर प्रेजेंटेशन सत्र आयोजित किए जाएंगे।
इन गतिविधियों के माध्यम से रेजिडेंट चिकित्सकों को अपनी विषयगत जानकारी, नैदानिक समझ और शोध कार्य प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। साथ ही, विशेषज्ञों से संवाद और उनके अनुभवों से सीखने का मंच भी प्राप्त होगा।
कैंसर चिकित्सा में वैज्ञानिक सहयोग को मिलेगा बढ़ावा
सम्मेलन का वैज्ञानिक कार्यक्रम कैंसर के आधुनिक उपचार विकल्पों, नवीनतम शोध निष्कर्षों और बहुविषयक चिकित्सा दृष्टिकोण पर ज्ञान साझा करने का अवसर प्रदान करेगा।
इसके माध्यम से कैंसर चिकित्सा के क्षेत्र में वैज्ञानिक सहयोग को मजबूत करने, नवीनतम शोध एवं उपचार पद्धतियों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।
संस्थान के रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विभाग द्वारा आयोजित यह सम्मेलन उत्तर प्रदेश में कैंसर उपचार के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों, वैज्ञानिक सटीकता एवं मरीज-केंद्रित दृष्टिकोण के समन्वय को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध होगा।
इसके माध्यम से कैंसर उपचार में नवीनतम प्रगति, आधुनिक तकनीकों एवं बेहतर उपचार पद्धतियों को प्रोत्साहन मिलेगा।



