उत्तर प्रदेशजीवनशैलीबड़ी खबर

एनसीसी कैडेट्स को टीबी से बचाव की दी जानकारी

एनसीसी कैडेट्स को सौंपी टीबी जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी 

 

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। एनसीसी कैडेट्स को टीबी से बचाव की जानकारी दी गयी।

गुरुवार को प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत एनसीसी की 63वीं बटालियन ने जिला क्षय रोग केंद्र के सहयोग से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनबी सिंह के मार्गदर्शन में मोंटफोर्ट इंटर कॉलेज में टीबी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

कार्यक्रम में एनसीसी के 200 कैडेट्स को टीबी के लक्षण, बचाव, जांच और उपचार के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया। वहीं

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव, वीएसएम ने कहा कि जनपद में स्थित एनसीसी की सभी बटालियन टीबी जागरूकता अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेंगी।

उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और कैडेट्स से टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा टीबी मुक्त भारत अभियान एप डाउनलोड करने की अपील की।

कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अनिल कुमार शर्मा ने कहा एनसीसी कैडेट्स अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल हैं। टीबी के खिलाफ जागरूकता फैलाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।

सभी कैडेट्स अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को टीबी के लक्षणों, जांच और समय से उपचार के प्रति जागरूक करें।

यदि किसी व्यक्ति में टीबी के लक्षण दिखाई दें तो उसे जांच और उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने में सहयोग करें। साथ ही टीबी आरोग्य एप के माध्यम से उपलब्ध जानकारी का लाभ उठाने के लिए लोगों को प्रेरित करें।

इस अवसर पर जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एके सिंघल ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा टीबी पूरी तरह से ठीक होने वाली बीमारी है और इसका समय पर उपचार संभव है।

लगातार दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी, बुखार, रात में पसीना आना, वजन कम होना या भूख न लगना जैसे लक्षण होने पर टीबी की जांच जरूर करानी चाहिए।

  • टीबी मुक्त जनपद के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जरूरी है कि अधिक से अधिक लोग इस मुहिम से जुड़ें और टीबी के प्रति जागरूकता फैलाएं।

कार्यक्रम में एनसीसी के अन्य अधिकारी, पब्लिक प्राइवेट मिक्स समन्वयक रामजी वर्मा, सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर अभय चन्द्र मित्रा एवं अखिलेश श्रीवास्तव, सीनियर टीबी लैब सुपरवाइजर जय प्रकाश तिवारी, विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button