नवनियुक्त परिवहन आयुक्त ने संभाला पदभार
पदभार संभालते ही विभागीय अधिकारियों के साथ की बैठक

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी मुख्यालय पर परिवहन आयुक्त ने कार्यभार संभाल लिया। मंगलवार को
आशुतोष निरंजन (आईएएस) ने परिवहन आयुक्त उत्तर प्रदेश के पद पर कार्यभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ करें तथा शासन की मंशा के अनुरूप सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि कहीं से भी लापरवाही या जवाबदेही में कमी की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी अधिकारी एवं कार्मिक समय से कार्यालय में उपस्थित रहें तथा अपने दायित्वों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
साथ ही, नागरिकों के प्रति उत्तरदायित्व को प्राथमिकता देते हुए कार्य करें, जिससे विभाग के प्रति आमजन में सकारात्मक एवं विश्वसनीय छवि स्थापित हो सके।


