49 रक्त केंद्रों में एफएसडीए ने पायी कमियां लगाई रोक
एफएसडीए की प्रदेश स्तर पर लगातार रक्त केंद्रों की पड़ताल जारी, प्रतिदिन मिल रही कमियां

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। प्रदेश भर के रक्त केंद्रों की पड़ताल में एफएसडीए टीम खाली हाथ नहीं लौट रही है ।
जिसमें 30 मार्च से अब तक प्रदेश स्तर पर 49 रक्त केंद्रों में कमियां मिलने पर रोक लगाई गयी है। इससे यह साबित हो रहा है कि रक्त केन्द्र संचालक जनसमुदाय के प्रति कितने संजीदा है। रविवार को
जनपद अलीगढ़, मोरदाबाद, झांसी, बहराइच, कासगंज, शामली में चेरिटेबल ट्रस्ट सोसाइटी द्वारा संचालित 18 रक्त केंद्रों पर औषधि विभाग अधिकारियों द्वारा जांच की गयी । जिसमें
06 रक्त केंद्रों पर, रक्त संचालन संबंधित सभी क्रियाकलाप पर तत्काल रूप से रोक लगाई गई।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) मुख्यालय से गठित औषधि निरीक्षकों की अंतर-जनपदीय टीम द्वारा की जा रही जांच के क्रम में जनपद अलीगढ़ में 8, मोरादाबाद 4, झांसी-2, बहराइच-2, कासगंज-1, शामली-1 (कुल-18) चेरिटेबल ट्रस्ट सोसाइटी द्वारा संचालित रक्त केंद्रों पर जांच कराई गई।
जांच में मुख्य रूप से रक्त एवं रक्त घटकों के अनिवार्य तापमान पर भंडारण, मानक अनुरूप टेस्टिंग, तकनीकी स्टाफ की उपलब्धता, उपकरण संचालन एवं इनसे संबंधित अभिलेखों का गहनता से सत्यापन किया गया।
इन सभी केंद्रों पर रक्तदाता व रक्त प्राप्त कर्ता विवरण के अभाव, अनिवार्य एलाइजा टेस्ट न होने, कोल्ड चेन के मैन्टैन न पाए जाने एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (MOIC) एवं तकनीकी कर्मचारियों की लंबे
समय से अनुपस्थिति, बिना परीक्षण रिकॉर्ड के रक्त का ‘बल्क ट्रांसफर’ व रक्त केंद्र में अनहाईजेनिक कन्डिशन जैसी कमिया पाए जाने पर 6 रक्त केंद्रों में रक्त संचालन संबंधित क्रियाकलाप पर तत्काल रूप से रोक लगा दी गई है।
इन सभी रक्त केंद्रों के संचालन पर लगी रोक..
आयुष्मान चेरिटेबल ब्लड सेंटर निकट एटा चुंगी
अलीगढ़, हर प्रसाद ब्लड सेंटर निकट डी एस इन्टर कॉलेज अलीगढ़, संकल्प चेरिटेबल ब्लड सेंटर राम घाट रोड अलीगढ़, राष्ट्रीय चेरिटेबल ब्लड सेंटर शेख दहिर बहराइच,
रीलैक्स चेरिटेबल ब्लड सेंटर निकट अदनान कॉम्प्लेक्स बहराइच,अम्बा चेरिटेबल ब्लड सेंटर कैराना रोड शामली शामिल है।
30 मार्च से चली पड़ताल में अब की कार्रवाई का ग्राफ..
विभाग द्वारा 30 मार्च से चलाए जा रहे विशेष अभियान में प्रदेश के 43 जनपदों में चैरिटेबल ट्रस्ट सोसाइटी द्वारा संचालित कुल 201 रक्त केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कराया गया।
जिनमें से 18 जनपदों में संचालित 159 रक्त केंद्रों की जांच में कुल 49 रक्त केंद्रों में अनियमितता पाए जाने पर इन रक्त केंद्रों के रक्त व रक्त घटकों के संचालन संबंधित क्रियाकलाप पर तत्काल रूप से रोक लगाई गई है।
जनपद वार जांच में मिली कमियों में, रक्त केंद्रों का विवरण..
लखनऊ, सहारनपुर, आगरा, कानपुर, मुजफ्फरनगर, गाज़ियाबाद, अलीगढ़, वाराणसी
इटावा, प्रयागराज, बहराइच, मेरठ, हाथरस, गोरखपुर, अयोध्या, बरेली, बदायूँ, शामली
के सभी 49 रक्त केंद्र संस्थानों पर रक्त संचालन पर रोक लगाने के साथ-साथ, शेष रक्त केंद्रों पर की गई जांच में पाई गई कमियों के संबंध में विभाग द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया जा रहा है।
जिन रक्त केंद्रों का संचालन रोक दिया गया है, वहां उपलब्ध रक्त एवं रक्त घटकों के मानकानुसार सुरक्षित निस्तारण के संबंध में विभाग द्वारा समस्त जिलाधिकारियों को प्रथक से एडवाइजरी जारी की गई है। एफ एस डी ए का कहना है कि
जनस्वास्थ्य के लिए सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण रक्त की आपूर्ति सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। रक्त केंद्रों द्वारा कमियों के संबंध में प्रस्तुत अनुपालन आख्या (Compliance) के परीक्षण सत्यापन के लिए जनपदीय औषधि निरीक्षकों को निर्देशित किया गया है।



