यूपी एफएसडीए और एसटीएफ की संयुक्त छापेमारी में मिली बड़ी कामयाबी
राजधानी में मिला करोड़ों की अवैध ऑक्सीटोसिन का जखीरा

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग और यूपी एसटीएफ की ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध कारोबारियों की नींद उड़ा दी है।
मंगलवार को यूपी एफएसडीए और यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम ने दुबग्गा क्षेत्र में अवैध रूप से प्रतिबन्धित ऑक्सीटोसिन औषधि,इंजेक्शन के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की। यह अभियान निरंतर एफएसडीए की अगुवाई में चलाया जा रहा है। जिससे नित नये खुलासे हो रहें हैं।
सुनसान मकान में मिली नकली ऑक्सीटोसिन की फैक्ट्री
FSDA की रात भर चली कार्रवाई में मिली बड़ी कामयाबी
यूपी एफएसडी का कहना है कि दुबग्गा क्षेत्र के ग्राम मौहारी (जेहटा) में दो व्यक्तियों के अवैध ऑक्सीटोसिन का बड़े पैमाने पर निर्माण और आपूर्ति करने की बात विभाग को जानकारी मिली थी।
इसी सूचना आधार पर एफएसडीए और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ एक निर्जन स्थान पर बने आवासीय मकान पर छापा मारा।
मकान के पीछे एक पिकअप वाहन (UP32YN6383) खड़ा मिला। जिसमें दो व्यक्ति बोरियां लोड कर रहे थे। मकान के भीतर लोहे के दरवाजे के पीछे बने कक्ष में बड़ी मात्रा में भरी हुई बोरियां, जमीन पर बिखरी प्लास्टिक की बोतलें और ऑक्सीटोसिन तैयार करने व पैक करने का पूरा सेटअप मिला।
फैक्ट्री में ₹2.05 करोड़ का माल बरामद, किया जब्त
छापेमारी में कुल 37 बोरियों में रखी लगभग 3,700 प्लास्टिक बोतलें (प्रत्येक लगभग 200 ml) ऑक्सीटोसिन से भरी हुई मिलीं।
इसके अलावा कुल 1,77,800 प्लास्टिक एम्प्यूल (प्रत्येक लगभग 2 ml) बरामद हुए, जो 1,500 एल्युमिनियम फॉयल पैकिंग में रखे थे। इनमें 150,000 एम्प्यूल कार्टनों में रखी फॉयल पैकिंग में, 24,000 एम्प्यूल नीले डिब्बों में और 3,800 एम्प्यूल एक बोरी में रखे नीले डिब्बों में थे।
साथ ही लगभग 35 लीटर लिक्विड ऑक्सीटोसिन एक प्लास्टिक गैलन में, बिना लेबल की 3 सिल्वर फॉयल पैकिंग में संदिग्ध ऑक्सीटोसिन पाउडर, 5-5 लीटर फिनायल के 12 कैन और 1-1 किलो के 36 पैकेट नमक बरामद हुए।
निर्माण और पैकिंग सामग्री में लगभग 8,000 खाली बोतलें, नीले, सिल्वर, लाल, हरे, गोल्डन, पिंक और अन्य रंगों के लगभग 44,000 एल्युमिनियम ढक्कन,
लगभग 5,000 ग्रे रंग के रबर कैप्स, रबर के हैंड ग्लव्स, सीलर मशीनें, प्लास्टिक का फिलिंग पाइप, चाकू, प्लास, हथौड़ी, छेनी, मग, छन्नी और 200-200 लीटर के तीन खाली ड्रम भी मिले। मौके से एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया।
जेल से छूटकर फिर वही शुरू किया काला कारोबार मौके से दो अभियुक्त गिरफ्तार..
एफएसडीए और एसटीएफ टीम ने मौके से दो अभियुक्त गिरफ्तार किए। इनमें दिलदार और इरफान हैं। दोनों मूल रूप से ग्राम महिमाखेड़ा, थाना रहीमाबाद, लखनऊ के निवासी हैं और वर्तमान में कैटल कॉलोनी, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ में रह रहे थे।
आरोपियों ने कबूला पूरे नेटवर्क का राज..
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे ऑक्सीटोसिन पाउडर में नमक, पानी और फिनायल मिलाकर अवैध रूप से ऑक्सीटोसिन तैयार करते थे, फिर उसकी पैकिंग कर बिक्री करते थे।
इस काम में एक अन्य सहयोगी भी शामिल है। जिसके माध्यम से बिहार से ऑक्सीटोसिन पाउडर मंगाया जाता था, जबकि कुछ सामग्री गाजियाबाद से भी खरीदी जाती थी।
तैयार माल की आपूर्ति भैंस पालकों और सब्जी विक्रेताओं को की जाती थी। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे पहले भी इसी अपराध में जेल जा चुके हैं और छूटने के बाद उन्होंने फिर यही काम शुरू कर दिया।
उन्होंने बताया कि यही उनकी आय का जरिया था। मौके पर इस्तेमाल हो रहा पिकअप वाहन भी उन्होंने इसी काम के लिए खरीदा था और इसी से माल की आपूर्ति करते थे।
आमजनमानस की सेहत के लिए कारोबारी बने खतरा..
अवैध ऑक्सीटोसिन का प्रयोग पशुओं तथा सब्जियों और फलों पर किया जाता है, जिससे आम जनमानस के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा होता है।
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने औषधि एवं प्रसाधन सामग्री नियमावली, 1945 के नियम 105 के अन्तर्गत ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की बिक्री केवल सिंगल यूनिट ब्लिस्टर पैक में ही प्राविधानित है। प्लास्टिक की बोतलों और एम्प्यूल में इसका निर्माण और विक्रय पूर्णतः अवैध है।
मुकदमा दर्ज 9 नमूने जांच को भेजे, सप्लायरों और खरीदारों की तलाश जारी..
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 318(4), 319(2), 325, 280, 276 और 112 के अन्तर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। एफएसडीए के औषधि निरीक्षकों ने जांच और विश्लेषण के लिए बरामद सामग्री के 9 नमूने जांच के लिये भेजे हैं।
अभियुक्तों को कच्चा माल उपलब्ध कराने वाले आपूर्तिकर्ताओं और तैयार माल के खरीदारों की पहचान के लिए जांच जारी है। इस अवैध नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जा रही है।
ऐसे ही एफएसडीए और यूपी एसटीएफ की कार्रवाई जारी रही तो आने वाले दिनों में लोगों की सेहत के खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों पर अंकुश जरूर लग जायेगा।



