बॉन्डेड डॉक्टर्स के धरना स्थल पर पहुंचे डिप्टी सीएम, दिलाया भरोसा
शासनादेश का आश्वासन सुनते ही चिकित्सकों की लौटी मुस्कान

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी में समान वेतन को लेकर धरना दे रहे बॉन्डेड डॉक्टर्स के चेहरे पर डिप्टी सीएम ने मुस्कान लौटाई। बुधवार को
प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में कार्यरत बॉन्डेड डॉक्टर्स की वेतन संबंधी मांगों को लेकर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक हजरतगंज स्थित अटल चौक पहुंचे।
बारिश के बीच भीगते हुए धरना स्थल पर पहुंचकर उप मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से भेंट कर उनकी समस्याओं, मांगों को सुना और समान वेतनमान लागू करने करने के लिए भरोसा दिलाया।
बॉन्डेड डॉक्टर्स द्वारा वेतन में असमानता और वेतन विसंगति का मुद्दा उठाए जाने पर उप मुख्यमंत्री ने समान वेतनमान लागू करने की घोषणा की। उन्होंने चिकित्सकों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग के संबंध में कल तक शासनादेश जारी कर दिया जाएगा।
डिप्टी सीएम ने इस संबंध में मौके से ही संबंधित अधिकारियों को फोन कर आवश्यक निर्देश दिए। वहीं निर्देश सुनते ही सभी डॉक्टर्स नारेबाजी करते हुए कहा हमारा मंत्री कैसा हो, ब्रजेश पाठक जैसा हो।
डिप्टी सीएम के इस कथन से बॉन्डेड चिकित्सकों के चेहरे खिल गए। इस दौरान ब्रजेश पाठक ने कहा कि “आप सभी मेरे परिवार का हिस्सा हैं। आपका सम्मान, अधिकार और हित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
किसी के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। हर परिस्थिति में प्रदेश सरकार और व्यक्तिगत रूप से मैं आपके साथ मजबूती से खड़ा हूं।” उप मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद बॉन्डेड डॉक्टर्स ने अपनी मांगों के समाधान की दिशा में उनकी पहल का स्वागत किया।



