तुलसी के पौधों को जल अर्पित कर योग सप्ताह का शुभारंभ
राजकीय तकमील-उत्तिब कॉलेज एवं चिकित्सालय में योग सप्ताह शुरू

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। तुलसी के पौधों में जल अर्पित कर योग सप्ताह की शुरुआत की गयी। सोमवार को
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय तकमील-उत्तिब कॉलेज एवं चिकित्सालय में प्रातःकालीन योगाभ्यास सत्र का शुभारम्भ किया गया।
यह कार्यक्रम 21 जून तक प्रतिदिन चलेगा। जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के मध्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है। वहीं
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि अब्दुल क़ुद्दूस हाशमी, महासचिव, मौलाना आज़ाद एजुकेशनल सोसाइटी, तथा विशिष्ट अतिथि बासुदेव पाण्डेय, योगाचार्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, कार्यक्रम संयोजक एवं समन्वयक द्वारा तुलसी के पौधों को जल अर्पित कर किया गया।
यह प्रकृति संरक्षण, स्वास्थ्य एवं भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान का प्रतीक रहा। अब्दुल क़ुद्दूस हाशमी ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि एक सम्पूर्ण जीवन-पद्धति है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सुदृढ़ बनाती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित योगाभ्यास अपनाने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में योग तनावमुक्त एवं संतुलित जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम है।
विशिष्ट अतिथि बासुदेव पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस वर्ष की थीम “योग फॉर हैल्दी एजिंग” अत्यंत प्रासंगिक है।
उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास वृद्धावस्था में शारीरिक क्षमता, संतुलन, लचीलापन तथा मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। योग व्यक्ति को दीर्घकाल तक सक्रिय, स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर बनाए रखने में सहायक सिद्ध होता है।
उद्घाटन सत्र के उपरान्त योगाचार्य बासुदेव पाण्डेय ने सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में सहभागिता की।
कार्यक्रम का कुशल संचालन डा अब्दुल मलिक, समन्वयक द्वारा किया गया। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए आगामी दिनों में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों की जानकारी दी।
अंत में प्रो मनीराम सिंह, कार्यक्रम संयोजक ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी के सहयोग की सराहना की। कार्यक्रम प्रो अब्दुल क़वी, प्रधानाचार्य एवं अधीक्षक मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।



