रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए चला प्रशिक्षण सत्र
प्रिस्क्रिप्शन लेखन पद्धति, मेडिकेशन रिकॉन्सिलिएशन एवं अग्नि सुरक्षा का दिया प्रशिक्षण

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए प्रशिक्षण सत्र चलाया गया। शनिवार को
डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में निदेशक प्रो सीएम सिंह के मार्गदर्शन में क्वालिटी सेल और आईक्यूएसी द्वारा रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए “अच्छी प्रिस्क्रिप्शन लेखन पद्धति, मेडिकेशन रिकॉन्सिलिएशन एवं अग्नि सुरक्षा जागरूकता” विषय पर प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।
जिसका उदेश्य संस्थान की गुणवत्ता संवर्धन, शैक्षणिक उत्कृष्टता और एनएबीएच के लिए संस्थागत तैयारियों के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता के तहत की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीन प्रो राजन भटनागर, एसोसिएट डीन प्रो नवबीर पसरीचा, सब-डीन प्रो आलोक श्रीवास्तव और चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) प्रो अरविंद कुमार सिंह सहित अन्य अतिथियों और विषय विशेषज्ञ शामिल रहे।
डीन एवं आमंत्रित फैकल्टी सदस्यों ने सुरक्षित प्रिस्क्रिप्शन लेखन, मेडिकेशन रिकॉन्सिलिएशन और अग्नि सुरक्षा जागरूकता पर अपने बहुमूल्य विचार साझा किए।
इसके पश्चात फार्माकोलॉजी विभाग की प्रो पूजा शुक्ला द्वारा विशेषज्ञ व्याख्यान दिया गया। जिसमें उन्होंने सुरक्षित और तर्कसंगत प्रिस्क्रिप्शन लेखन पद्धतियों के प्रमुख पहलुओं पर प्रकाश डाला।
इसके बाद एक व्यापक और अत्यधिक इंटरैक्टिव सत्र आयोजित हुआ। जिसमें फैकल्टी सदस्यों और रेजिडेंट्स ने सक्रिय रूप से भाग लिया और सुरक्षित प्रिस्क्रिप्शन पद्धतियों एवं मेडिकल रिकॉन्सिलिएशन से संबंधित प्रश्न उठाए।
विषय विशेषज्ञों – न्यूरोलॉजी विभाग के प्रो दिनकर कुलश्रेष्ठ और बाल रोग विभाग के प्रो. जूनियर पीयूष उपाध्याय द्वारा भी महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए गए।
कार्यक्रम का समापन क्वालिटी सेल की प्रभारी एवं आयोजन अध्यक्ष प्रो स्मिता चौहान द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, साथ ही क्वालिटी सेल की आयोजन टीम – डॉ. नवनीत श्रीवास्तव, डॉ. प्रज्ञा, डॉ. स्मिथ यादव एवं डॉ. संध्या का भी सहयोग रहा।



