रिश्वत लेने के मामले में वरिष्ठ सहायक निलंबित
रिश्वत लेते वरिष्ठ सहायक का वीडियो वायरल, तत्काल निलंबित

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। रिश्वत लेने के मामले में वरिष्ठ सहायक को निलंबित कर दिया गया।
बस्ती जिले के विक्रमजोत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात वरिष्ठ सहायक प्रदीप श्रीवास्तव का रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल होने के बाद निलंबित कर दिया गया है।
रिटायर महिला कर्मचारी से एरियर भुगतान के बदले 45 हजार रुपये घूस लेने का आरोप सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद शनिवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मामले का संज्ञान लिया और तत्काल जांच के आदेश दिए।
डिप्टी सीएम के आदेश पर आरोपी बाबू को निदेशक प्रशासन अलका वर्मा ने निलंबित कर दिया गया है। उन्हें चित्रकूट धाम बांदा मंडल अपर निदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कार्यालय से संबंध किया गया है।
विक्रमजोत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के तहत एएनएम सुनीत कार्यरत थीं। रिटायरमेंट के बाद उनके देय के भुगतान की प्रक्रिया चल रही है। रिटायर एएनएम सुनीता का आरोप है कि एरियर भुगतान के एवज में वरिष्ठ सहायक प्रदीप श्रीवास्तव ने 45 हजार रुपये घूस मांगी थी।
भाई के साथ मिलकर सुनीता ने प्रदीप को रिश्वत देते हुए वीडियो बनवाया। जिसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सोशल मीडिया में वायरल वीडियो का संज्ञान लिया। इसके बाद अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
आरोपी वरिष्ठ सहायक को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित वरिष्ठ सहायक को अपर निदेशक कार्यालय चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण चित्रकूट धाम मंडल बांदा संबद्ध किया गया।
आरोपी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू की गई। जांच अधिकारी चित्रकूट धाम बांदा मंडल के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर निदेशक को बनाया गया है।



