गणतंत्र दिवस पर उच्च न्यायालय लखनऊ पीठ ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज
वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजन रॉय ने किया ध्वजारोहण

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। पीएसी बैंड बाजे की प्रस्तुति के साथ ध्वजा रोहण किया गया।
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उच्च न्यायालय, लखनऊ पीठ परिसर में लखनऊ पीठ के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजन रॉय द्वारा बड़े गौरव के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया तथा पीएसी बैंड द्वारा मनोहारी प्रस्तुति दी गई।
तत्पश्चात वरिष्ठ न्यायमूर्ति के साथ अन्य न्यायमूर्तिगण एवं उनके जीवनसाथी, सेवानिवृत्त न्यायमूर्तिगण, उच्च न्यायालय के अधिकारी एवं कर्मचारी, उत्तर प्रदेश के अपर महाधिवक्ता, मुख्य स्थायी अधिवक्ता, शासकीय अधिवक्ता तथा अवध बार एसोसिएशन के सदस्यों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
समारोह के दौरान संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई। पूरे परिसर में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय गौरव का वातावरण बना रहा।



