प्रधानमंत्री ने मन की बात में यूपी के उल्लेखनीय कार्यों को गिनाया
मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों के लिए प्रेरणा - केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में पौधरोपण की उल्लेखनीय पहल को गिनाया। रविवार को
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राजधानी स्थित कैम्प कार्यालय पर जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संबोधित लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों के लिए प्रेरणा, मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन का सशक्त माध्यम बन चुका है। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के विचार हर नागरिक के भीतर नई ऊर्जा, आत्मविश्वास एवं राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना का संचार करते हैं।
कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करने वाला एक अद्भुत जनसंवाद है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों एवं ऊर्जा क्षेत्र में उत्पन्न चुनौतियों के बीच प्रधानमंत्री जी का संतुलित, स्पष्ट एवं आश्वस्त करने वाला दृष्टिकोण यह दर्शाता है कि भारत हर परिस्थिति में सजग, सक्षम एवं दृढ़ है।
प्रधानमंत्री का यह आह्वान कि देशवासी जागरूक रहें, अफवाहों से दूर रहें तथा एकजुट होकर संयमित आचरण करें, प्रत्येक नागरिक के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मार्गदर्शन है।
उप मुख्यमंत्री ने ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री द्वारा प्रस्तुत विभिन्न प्रेरक उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि वाराणसी में एक ही घंटे में 2 लाख 51 हजार से अधिक पौधारोपण कर बनाए गए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का उल्लेख उत्तर प्रदेश के लिए अत्यंत गौरव व गर्व का विषय है।
प्रधानमंत्री जी का ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप दे रहा है, जिसमें छात्रों, जवानों एवं स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि ‘ज्ञान भारतम’ पहल, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं अन्य जनहितकारी प्रयासों के माध्यम से प्रधानमंत्री जी ने समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान की है।
साथ ही जल संकट के समाधान के लिए देशभर में सामुदायिक स्तर पर हो रहे प्रयास जैसे तालाबों का पुनर्जीवन, वर्षा जल संचयन एवं ‘अमृत सरोवर’ अभियान के अंतर्गत हजारों सरोवरों का निर्माण जनभागीदारी की सशक्त मिसाल हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री की ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों, विशेषकर उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में लोगों को व्यापक लाभ मिल रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि के साथ जीवन स्तर भी बेहतर हो रहा है।
केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि आपका यह प्रेरक, ओजस्वी एवं मार्गदर्शी संवाद देश के प्रत्येक नागरिक के मन में विश्वास, स्थिरता एवं जिम्मेदारी की भावना को और अधिक सुदृढ़ करता है।
प्रधानमंत्री ने यूपी के उल्लेखनीय कार्यों को सराहा..
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में कहा कि
पर्यावरण संरक्षण एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में उत्तर प्रदेश की पहल को देशभर में नई पहचान मिली है।
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश की दो उल्लेखनीय पहलों वाराणसी के ऐतिहासिक वृक्षारोपण अभियान एवं मेरठ में सौर ऊर्जा के सफल मॉडल का विशेष उल्लेख करते हुए सराहना की। यह प्रदेश के लिए गौरव का विषय है कि नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग की पहलें राष्ट्रीय स्तर पर प्रेरणास्रोत बन रही हैं।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में जनभागीदारी आधारित विकास मॉडल को सशक्त रूप से लागू किया जा रहा है। इसी क्रम में वाराणसी में आयोजित वृक्षारोपण अभियान के दौरान मात्र एक घंटे में 2,51,000 से अधिक पौधे लगाए गए।
जिससे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित हुआ। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे “जनशक्ति और पर्यावरण चेतना का अद्भुत संगम” बताया। इस अभियान में विद्यार्थियों, युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों एवं विभिन्न संस्थानों की व्यापक भागीदारी रही, जो सामूहिक प्रयासों की शक्ति को दर्शाती है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में एक पेड़ मां के नाम अभियान का उल्लेख करते हुए देशवासियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भावनात्मक जुड़ाव भी स्थापित करते हैं।
इसी प्रकार मेरठ के निवासी अरुण कुमार की सौर ऊर्जा के क्षेत्र में पहल भी प्रधानमंत्री द्वारा सराही गई। उन्होंने अपने घर की छत पर सोलर पैनल स्थापित कर न केवल अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति की, बल्कि अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में देकर आय का स्रोत भी विकसित किया। उनकी यह पहल उन्हें ‘ऊर्जादाता’ के रूप में स्थापित करती है और समाज को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करती है।
मंत्री एके शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं समन्वित रूप से संचालित की जा रही हैं।
इन पहलों का उद्देश्य प्रदेश को आत्मनिर्भर, ऊर्जा सक्षम एवं सतत विकास की दिशा में अग्रसर करना है।उन्होंने यह भी कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से संचालित ये अभियान न केवल पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में सहायक हैं, बल्कि समाज में जागरूकता और सहभागिता की नई संस्कृति विकसित कर रहे हैं।



