पंडित अमृतलाल नागर के नाम हुआ चौक चौराहा
महापौर ने नमन करते हुए शिलापट का किया लोकार्पण

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी के चौक चौराहे को तीन महापुरुषों के नामकरण करने की लगी होड़ में आखिरकार पद्मभूषण पं अमृतलाल नागर के नाम कर दिया गया।
सोमवार को महापौर सुषमा खर्कवाल ने पद्मभूषण अमृतलाल नागर की पुण्यतिथि पर चौक चौराहे का नाम “पद्मभूषण अमृतलाल नागर चौराहा” पर शिलापट का लोकार्पण किया। साथ ही उनके चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
ज्ञात हो कि लंबे समय से चौक चौराहा नामकरण को लेकर विवादों में घिरा रहा। वहीं महापौर ने कहा कि अमृतलाल नागर केवल एक महान लेखक नहीं थे, बल्कि वे लखनऊ की आत्मा थे।
उनकी लेखनी में इस शहर की तहज़ीब, संस्कृति, इतिहास और जनजीवन की जीवंत झलक मिलती है। उनकी रचनाओं में चौक की गलियों की गूंज और लखनऊ की मिठास आज भी महसूस की जा सकती है। उनके नाम पर यह चौराहा आने वाली पीढ़ियों को उनके अतुलनीय योगदान की याद दिलाता रहेगा।
चौक क्षेत्र में छह विकास कार्यों की सौगात..
इसके अलावा महापौर ने चौक क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। जिसमें कोनेश्वर मंदिर से मिर्जा मंडी तक सीसी रोड निर्माण, अमृतलाल नागर कोठी से एमवी हॉस्पिटल मार्ग का सुदृढ़ीकरण, सोंधी टोला में पार्क का सौंदर्यीकरण,
चम्पूजी मंदिर से शंकरी टोला तक सड़क निर्माण, कालीजी बाजार में भूमिगत नाला तथा लाजपत नगर में नाला एवं सीसी रोड निर्माण जैसे कार्य क्षेत्र की सुविधा, स्वच्छता और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए किया गया।
कार्यक्रम में पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी ‘पम्मी’ कार्यकारिणी सदस्य स्थानीय पार्षद अनुराग मिश्रा ‘अन्नू’, डॉ. उमंग खन्ना, लखनऊ व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तम कपूर, कवि सर्वेश अस्थाना, कवि सूर्य कुमार पाण्डेय, जोनल अधिकारी अमरजीत यादव, अधिशासी अभियंता अशोक समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
महापौर का सन्देश..
हमारा संकल्प है कि लखनऊ की पहचान केवल सड़कों और इमारतों से नहीं, बल्कि अपनी समृद्ध विरासत से भी मजबूत हो। महान व्यक्तित्वों का सम्मान करना, अपनी जड़ों को सशक्त करना है।
आइए, अमृतलाल नागर की पुण्यतिथि पर हम सब मिलकर स्वच्छ, सुंदर, संस्कारित और गौरवशाली लखनऊ के निर्माण का संकल्प लें।यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।



