हमारी संस्कृति में गुरू का अलग महत्व: प्रो जेपी पाण्डेय

- शिक्षक दिवस समारोह में पांच शिक्षकों को मिला उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान
लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। शनिवार को
डॉ एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय में पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधाकृष्णनन की जयंती पर शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय से संबद्ध संस्थानों के पांच शिक्षकों को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान दिया गया। पिछले सत्र में सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों का भी सम्मान किया गया।
इस मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो जेपी पाण्डेय ने कहा कि हमारी संस्कृति में गुरू का अलग महत्व है। वह न केवल अपने आचरण से पथ प्रदर्शक का कार्य करता है बल्कि शिक्षा से छात्रों को समाज के लिए पल्लवित और पोषित करता है। यह दिन शिक्षकों के लिए आत्ममंथन का भी है। एक शिक्षक का सबसे बड़ा धर्म और दायित्व है पढ़ाना। जो शिक्षक नियमित रूप से अपनी कक्षाएं लेता है उसके प्रति छात्रों के मन में सहज सम्मान होता है। इसलिए अपने शिक्षण कार्य को हर हाल में करिये। शिक्षकों के सामने वर्तमान में अवसर और चुनौतियों को रेखांकित किया।
समारोह के मुख्य अतिथि दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो वीके सिंह रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कम्प्यूटर और एआई आने के बाद शिक्षकों के सामने कई चुनौतियां भी हैं। इसलिए शिक्षक को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और लगन के साथ निभानी चाहिए। कहा कि दीक्षांत होता है। यानि दीक्षा का अंत न कि शिक्षा का अंत। इसलिए हमेशा सीखने के लिए तत्पर रहना चाहिए।
उत्कृष्ट सम्मानित शिक्षकों में..
समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के संबद्ध संस्थानों के गलगोटिया कॉलेज ग्रेटर नोएडा के प्रोफेसर रिषव गर्ग, नोएड इंस्टीट्यूट ग्रेटर नोएडा के असिस्टेंट प्रोफेसर अनंत प्रकाश अग्रवाल, आर ई सी बांदा के असिस्टेंट प्रोफेसर मनोज कुमार सिंह, आरईसी कन्नौज के असिस्टेंट प्रोफेसर सिम्पी सिंह जाडोन एवं आरईसी सोनभद्र के असिस्टेंट प्रोफेसर हरिश्चंद्र उपाध्याय को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान दिया गया। पिछले सत्र में सेवानिवृत्त इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की प्रो नीलम श्रीवास्तव एवं फैकल्टी ऑफ आर्किटेक्चर एंड प्लानिंग के प्रो ईश्वरचंद्र विद्यासागर को सम्मानित किया गया।
इसके पहले कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णनन की प्रतिमा पर माल्यार्पण से किया गया। समारोह की रूपरेखा प्रो अरूण कुमार तिवारी ने प्रस्तुत की। संचालन एसो.डीन इनोवेशन अनुज कुमार शर्मा और धन्यवाद ज्ञापन प्रतिकुलपति प्रो राजीव कुमार ने दिया।
इस अवसर पर कुलसचिव रीना सिंह, वित्त अधिकारी केशव सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो दीपक नगरिया, आईईटी के निदेशक प्रो वीरेंद्र पाठक, कैस के निदेशक प्रो एसपी शुक्ल, एफओएपी की प्राचार्या प्रो वंदना सहगल, यूपीआइडी नोएडा के निदेशक प्रो शैलेंद्र सिन्हा, सरोज पाण्डेय सहित अन्य शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी छात्र मौजूद रहे।



