संस्थान चिकित्सा सेवा को समाज के जरूरतमंद लोगों को पहुंचाने में प्रयासरत – मुक्तिनाथानन्द
विवेकानंद हॉस्पिटल में लगन निशुल्क स्वास्थ्य शिविर

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। विवेकानन्द पॉलीक्लीनिक एवं आयुर्विज्ञान संस्थान द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य लगाया गया।
गुरुवार को संस्थान की भूतल स्थित डीलक्स ओपीडी में निःशुल्क थोरैसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी स्पेशलिटी क्लीनिक आयोजित किया गया। प्रातः 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक चले
शिविर में थोरैसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी के वरिष्ठ विशेषज्ञ प्रो भाबातोष बिस्वास ने मरीजों की जाँच कर उन्हें आवश्यक विशेषज्ञ परामर्श एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।
क्लीनिक के दौरान 11 मरीजों ने निःशुल्क विशेषज्ञ परामर्श तथा आवश्यक चिकित्सकीय जाँचों की सुविधा का लाभ उठाया। मरीजों में छाती, फेफड़ों, श्वसन तंत्र तथा रक्त वाहिकाओं से संबंधित विभिन्न समस्याओं से पीड़ित व्यक्ति शामिल रहे।
प्रो भाबातोष बिस्वास ने बताया कि लंबे समय से बनी रहने वाली खाँसी, खाँसी में रक्त आना, सीने में दर्द, साँस लेने में परेशानी, बार-बार फेफड़ों में संक्रमण, फेफड़े अथवा ग्रासनली का कैंसर, डायलिसिस के लिए
वैस्कुलर एक्सेस की आवश्यकता, पैरों में दर्द या सूजन, वैरिकाज़ नसें, गैंग्रीन तथा रक्त वाहिकाओं से संबंधित अन्य समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेना आवश्यक है। जिससे रोग की सही पहचान कर उचित उपचार की दिशा में कदम उठाया जा सके।
इस अवसर पर संस्थान के सचिव स्वामी मुक्तिनाथानन्द महाराज ने कहा कि संस्थान चिकित्सा सेवा को समाज के अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानन्द के “त्याग एवं सेवा”* के आदर्शों से प्रेरणा लेकर संस्थान द्वारा समय-समय पर विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा क्लीनिक एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं।
ताकि मरीजों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ परामर्श तथा आवश्यक चिकित्सा सेवाएँ सुलभ हो सकें। जिससे गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएँ किफायती एवं सुलभ रूप में समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुँचती रहे।



