शारीरिक फिटनेस को ले खेल प्रतियोगिता
फुटबॉल मैच में चार टीमों ने दिखाया दमखम

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी में शारीरिक फिटनेस को लेकर खेल समारोह का तीन दिवसीय आयोजन किया गया।
शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस पर दूसरे दिन रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम द्वारा भारतीय खेल प्राधिकरण युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन रिजर्व पुलिस लाइंस में खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” थीम के अंतर्गत किया गया।
ज्ञात हो कि 28 से 30 अगस्त तक आयोजित तीन दिवसीय खेल समारोह हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।
इसका उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में खेल, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।
समारोह के दूसरे दिन छात्र,युवा फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। जिसमें चार टीमों ने उत्साह एवं खेल भावना के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों में पुलिस मॉडर्न स्कूल, रिजर्व पुलिस लाइंस, लखनऊ,
सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल (भाऊराव देवरस कैंपस), सेक्टर-क्यू, अलीगंज, लखनऊ, विवेकानन्द पॉलीक्लीनिक एवं आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ के पैरामेडिकल छात्र, रामकृष्ण मठ एवं माँ शारदा पब्लिक लाइब्रेरी, निराला नगर, लखनऊ शामिल रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतिभागियों के पंजीकरण एवं एकत्रीकरण के साथ हुआ। इसके पश्चात फुटबॉल मैच के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं दिशा-निर्देश दिए गए। सभी टीमों का परिचय कराया गया तथा खिलाड़ियों को मैच के नियमों और आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया गया।
फुटबॉल मैच अत्यंत उत्साह एवं प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में युवा खिलाड़ियों ने टीम भावना, अनुशासन, खेल भावना, दृढ़ संकल्प एवं शारीरिक फिटनेस का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
मैचों के समापन के पश्चात परिणाम घोषित किए गए। पुलिस मॉडर्न स्कूल, रिजर्व पुलिस लाइंस, लखनऊ ने विजेता का खिताब प्राप्त किया। जबकि रामकृष्ण मठ एवं माँ शारदा पब्लिक लाइब्रेरी, निराला नगर, लखनऊ उपविजेता रही।
समापन समारोह के अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं स्वामी विवेकानन्द के फ्रेमयुक्त चित्र स्वामी मुक्तिनाथानन्द, सचिव, रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम द्वारा प्रदान किए गए। वहीं
छात्रों एवं युवाओं को संबोधित करते हुए स्वामी मुक्तिनाथानन्द ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, शारीरिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास, टीम भावना और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने युवाओं को खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा अच्छे संस्कारों एवं सच्ची खेल भावना के साथ जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।
राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह का समापन 30 अगस्त को यानि कल छात्र/युवा साइकिल रैली, इसके पश्चात प्रतिभागियों के सम्मान समारोह एवं समापन कार्यक्रम के साथ किया जायेगा।



