मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में दिव्यांगों को बांटी ट्राइसाईकिल
पुराना उच्च न्यायालय कैसरबाग प्रांगण में लगा मेगा शिविर

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में दिव्यांगों को ट्राइसाईकिल वितरित की गयी। रविवार को
पुराना उच्च न्यायालय कैसरबाग प्रांगण में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का सफल आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं कार्यपालक अध्यक्ष वरिष्ठ न्यायमूर्ति उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जनपद में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर लगाया गया ।
उक्त निर्देशों के अनुपालन में जनपद न्यायाधीश अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मलखान सिंह के कुशल निर्देशन में पुराना उच्च न्यायालय कैसरबाग गेट नं- 5 के प्रागंण में प्रभारी जनपद न्यायाधीश जैनेन्द्र कुमार पाण्डेय
की अध्यक्षता में दीप प्रज्जवलन एवं माँ सरस्वती की प्रतिमा में माल्यार्पण कर मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का शुभारम्भ किया।
जिसमें प्रकाश तिवारी अपर जिला जज नोडल अधिकारी, राज बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी नोडल अधिकारी, कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण,
न्यायिक अधिकारीगण, कर्मचारीगण, पराविधिक स्वयं सेवक, नामिका अधिवक्ता, लीगल एड डिफेन्स काउन्सिल के अधिवक्ता उपस्थित रहे।
सचिव द्वारा बताया गया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के निर्बल एवं वचित वर्गों को विधिक सहायता के साथ-साथ विभिन्न विभागों जिनके अन्तर्गत निर्बल वर्ग,
दिव्यांगजन, बच्चों, स्त्रियों, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एव अनुसूचित जनजाति के लिए सरकार द्वारा चलायी जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराना है।
शिविर में विधिक परामर्श, निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत से सम्बन्धित जानकारी तथा अन्य आवश्यक सेवायें एक ही मंच पर उपलब्ध कराई गई।
सचिव ने बताया कि इस वृहद शिविर में शासन के विभिन्न प्रमुख विभाग एक साथ सहभागिता कर रहे है। जिनमें मुख्य रूप से – जिला विकास खण्ड विकास विभाग,
समाज कल्याण एवं दिव्यांग सशक्तिकरण, महिला एवं बाल कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग (बेसिक) माध्यमिक, उच्च, प्राविधिक), कृषि एवं मत्स्य पालन विभाग, श्रम कल्याण (विशेषतः बंधुआ मजदूरी उन्मूलन), पुलिस विभाग (विशेषतः मानव तस्करी उन्मूलन),
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, कौशल विकास एवं उद्योग विभाग, राजस्व, परिवहन, आवास एवं नगर विकास, बैंक सहायता एवं बीमा योजनाएं (नाबार्ड आदि), केंद्रीय औषधीय एवं सगंध पादप अनुसंधान,
नगर पालिका परिषद डूडा, खाद्य सुरक्षा एवं रसद विभाग व स्वयं सेवी संस्थाएं शामिल हैं। इन सभी विभागों द्वारा शिविर स्थल पर अपने-अपने स्टॉल और हेल्प-डेस्क लगाए गये।
जहाँ पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही लाभान्वित किया गया। इसके अतिरिक्त जरूरतमंद लोगों को निशुल्क विधिक सहायता एवं विधिक परामर्श भी प्रदान किया गया।
मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में पात्र नागरिकों एवं जरूरतमंदों को दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग द्वारा ट्राइसाईकिल, मत्सय विभाग द्वारा मोपेड विद आइस बाक्स वितरित किया गया। मुख्यमंत्री युवा योजना के तहत बैंक व्यापार लोन वितरित किये गये।
क्षय रोगियों को पुष्टाहार पोटली वितरित की गयी। उत्तर प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड लखनऊ द्वारा कन्या विवाह सहायता योजना के तहत प्रमाण पत्र वितरित किये गये। जिला प्रोबेशन कार्यालय द्वारा निराश्रित महिला पेंशन की स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किये गये।
उत्तर प्रदेश मुख्यमत्री बाल सेवा योजना के अन्तर्गत कोविड 19 महामारी में अपने माता पिता एवं संरक्षक को खोने वाले लोगो को पालन पोषण शिक्षा एवं संरक्षण के लिए प्रमाण पत्र वितरित किये गये।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के प्रमाण पत्र वितरित किये गये, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी (2-0) के तहत स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किये गये।
पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि के अन्तर्गत प्रमाण पत्र वितरित किये गये। कृषि विभाग द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत प्रशस्ति पत्र दिये गये। दुग्धशाला विकास विभाग द्वारा निबंधन प्रमाण पत्र वितरित किये गये।
नन्द बाबा दुग्ध मिशन के अन्तर्गत मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना के तहत प्रमाण पत्र वितरित किये गये। समाज कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के अन्तर्गत स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किये गये।



