प्रत्येक प्रकरण की प्रगति लेकर निर्धारित समयसीमा में हो निस्तारण- ब्रजेश पाठक
जनता दर्शन में प्रदेशभर से आए सैकड़ों लोगों की सुनी जनसमस्या

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। जनता दर्शन में दूरदराज से आये फरियादियों की समस्या सुनकर निस्तारण करने के निर्देश दिए। मंगलवार को
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
उपमुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से मुलाकात कर उनकी समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों से तत्काल संवाद कर पात्रता एवं नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में उपचार, आर्थिक सहायता, पुलिस, राजस्व, पारिवारिक एवं प्रशासनिक मामलों से जुड़ी विभिन्न समस्याएं लेकर लोग पहुंचे।
जहाँ उपमुख्यमंत्री ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जरूरतमंदों को नियमानुसार शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए और जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब न हो।
डिप्टी सीएम ने कहा समस्या का समाधान हमारी प्राथमिकता..
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। जनता दर्शन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान की दिशा में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का नियमित अनुश्रवण किया जाए और प्रत्येक प्रकरण की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही सर्वोपरि है। प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी जाए और पात्रता के आधार पर नियमानुसार हरसंभव सहायता एवं समाधान उपलब्ध कराया जाए।
सरकार का प्रयास है कि जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े और शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली में आमजन का विश्वास और मजबूत हो।



