वर्षो से डीपीसी न कराये जाने पर परिषद में नाराजगी
गन्ना पर्यवेक्षक से गन्ना विकास निरीक्षक के पद पर पदोन्नति लटकी

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। कर्मचारियों की पदोन्नति में विलम्ब होने पर परिषद में नाराजगी बढ़ने लगी। मंगलवार को
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उप्र के महामंत्री अतुल मिश्रा ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि गन्ना विभाग में कार्यरत गन्ना पर्यवेक्षक की पदोन्नति गन्ना विकास निरीक्षक के पद पर होनी है। विभाग में गन्ना पर्यवेक्षक के पद पर कार्य करते 36 वर्ष व्यतीत हो गये, परन्तु इनकी पदोन्नति नहीं की गई।
श्री मिश्रा ने कहा अत्यन्त खेद का विषय है कि मुख्य सचिव द्वारा समस्त विभागों को कई बार शासनादेश जारी करते हुए निर्देशित किया है कि कर्मचारियों की पदोन्नति समय पर की जाये।
परन्तु गन्ना विभाग द्वारा शासनादेशों को अनदेखी कर पदोन्नति की प्रक्रिया को विगत कई वर्ष से लम्बित रखे हुये है। जिससे कर्मचारियों को आर्थिक हानि उठानी पड़ा रही है, जो कदापि उचित नहीं हैं।
श्री मिश्रा ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी कई बार बैठकों में कड़े निर्देश दिये हैं कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रयत्नशील है और समाधान कर भी रही है ।
अधिकारी भी इस महत्वपूर्णता को समझे और प्रत्येक माह कर्मचारी संगठनों के साथ वार्ता आहूत करें जिससे कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण समय से हो सके।
उनके निर्देश पर मुख्य सचिव ने सभी अपर मुख्य सचिव,प्रमुख सचिव,सचिव,विभागाध्यक्ष,कमिश्नर,जिलाधिकारी को संगठनों के साथ प्रत्येक माह वार्ता आहूत कर प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित कराए ।
अतुल मिश्रा ने बताया कि विगत दो वर्षों से कई विभागों के अधिकारी को पत्र लिखकर बैठक आहूत करने के लिए आग्रह किया गया फिर भी कोई भी बैठक आहूत नहीं हुई । जिससे कर्मचारियों के पदोन्नति सहित कई प्रकरण लंबित पड़े हैं और कर्मचारियों में रोष व्याप्त है ।
उन्होंने मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव को पत्र भेजकर मांग की है कि कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए पुनः प्रभावी निर्देश जारी करें साथ ही पदोन्नति के प्रकरण पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुये पदोन्नति की प्रक्रिया को समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के लिए डीपीसी शीघ्र कर पदोन्नति की प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए निर्देशित करे।



