परिवहन निगम के बेड़े में शामिल होंगी 200 नई एसी बसें
प्रदेशवासियों को नवरात्रि पर्व पर नई एसी बसों की सौगात

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। आगामी नवरात्रि पर्व पर परिवहन निगम के बेड़े में नई एसी बसें शामिल होंगी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम प्रदेशवासियों की यात्रा को सुगम बनाने के लिए 200 नई एसी बसों को शामिल करने जा रहा है।गुरुवार को
यह जानकारी देते हुए परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि सभी बसें अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित हैं।
इन बसों की विशेषता यह है कि इनमें 2×2 सीटर आरामदायक रीक्लाइन सीटें उपलब्ध कराई गई हैं।जिससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में भी पूर्ण सुविधा और आराम मिलेगा।
परिवहन मंत्री ने बताया कि बहुत जल्द ये सभी बसें प्रदेश की विभिन्न सड़कों पर दौड़ती नज़र आएंगी। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रदेश की जनता को यह सौगात दी जा रही है। प्रदेश सरकार की मंशा लोगों को बेहतर सरल आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा मुहैया कराना है।
अब तक पांच हजार से अधिक बसें 2022 से निगम बेड़े में शामिल..
परिवहन मंत्री ने बताया कि 2022 से उनके कार्यभार ग्रहण करने से लेकर अब तक 5000 से अधिक बसें उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के बेड़े में शामिल हो चुकी हैं।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम का बेड़ा वर्तमान में देश में सबसे युवा बेड़ा बन गया है,क्योंकि परिवहन निगम की बसों की वर्तमान औसत आयु देश के अन्य राज्य परिवहन निगम की बसों की तुलना में सबसे कम है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का हृदय से धन्यवाद भी ज्ञापित किया।
manish987540@gmail.com. Manish singh