54 में से 48 यूपीएचसी पर शुरू की डिजिटल प्रिस्क्रिप्शन सेवा – डॉ. एनबी सिंह
मरीजों को दबाए पढ़ने समझने में होगी आसानी

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। डॉक्टरों द्वारा लिखी जाने वाली दवाएं अब मरीजों को समझने पढ़ने में आसानी होगी। साथ ही दवाओं का प्रिस्क्रिप्शन भी उनके हेल्थ रिकॉर्ड में दर्ज रहेगा।
शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनबी सिंह ने यह जानकारी देते हुए कहा कि जनपद में कुल 54 नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं, इनमें से 48 यूपीएचसी पर डिजिटल प्रिस्क्रिप्शन की सुविधा शुरू कर दी गयी है। इसे सीधे मरीजों की आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी से जोड़ा जा रहा है। इससे न सिर्फ दवा लेने में सुविधा होगी बल्कि मरीजों का रिकॉर्ड भी सुरक्षित रहेगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि कई बार समस्या सामने आती है कि न तो मरीज और न ही फार्मासिस्ट चिकित्सक की लिखावट समझ पाते हैं। ऐसे में दवा का पता लगाने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है।
इसलिए 54 में से 48 यूपीएचसी पर सुविधा शुरू की गयी है, जिसके तहत मरीजों को हाथ से लिखने की जगह दवाओं का विवरण प्रिंट करके दिया जा रहा है। जल्द ही यह सुविधा अन्य 6 यूपीएचसी पर शुरू हो जाएगी।
इसके साथ ही मरीजों को दी जाने वाली दवाओं का रिकॉर्ड रखने के लिए इसे आभा आईडी से जोड़ा जा रहा है। इससे मरीज द्वारा परचा खोने या पर्चा न लाने की स्थिति में चिकित्सक द्वारा डिजिटल प्रिस्क्रिप्शन देखकर यह पता चला जायेगा कि उन्होंने मरीज को क्या दवा लिखी है।
जनपद के शहरी क्षेत्र में 108 आयुष्मान आरोग्य मंदिर हैं। शीघ्र ही आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर भी यह सुविधा शुरू की जाएगी।