उत्तर प्रदेशजीवनशैलीबड़ी खबरराष्ट्रीय

कम लागत में यह किट डेंगू संक्रमण की सटीक पहचान करने में सक्षम- डॉ नवीन खन्ना 

एनबीआरआई का मना 73वाँ वार्षिक दिवस, वैज्ञानिक हुए सम्मानित 

 

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। एनबीआरआई की 73 वर्षो की यात्रा में हासिल उपलब्धियां को गिराया गया।

बुधवार को राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान द्वारा 73वाँ वार्षिक दिवस समारोह मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री डॉ. नवीन खन्ना, आर्टुरो

फालास्की एमेरिटस साइंटिस्ट, इंटरनेशनल सेंटर फॉर जेनेटिक इंजीनियरिंग एंड बायोटेक्नोलॉजी (आईसीजीईबी), नई दिल्ली उपस्थित रहे। उन्होंने “डेंगू: एक साधारण बुखार, जिसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। एक राष्ट्रपति की परिकल्पना को साकार करना” विषय पर व्याख्यान दिया।

डॉ. खन्ना ने संस्थान को वार्षिक दिवस की बधाई देते हुए सीएसआईआर-एनबीआरआई के वैज्ञानिक योगदानों की सराहना की। उन्होंने आईसीजीईबी, नई दिल्ली में संचालित अनुसंधान गतिविधियों तथा सीएसआईआर-एनबीआरआई के साथ भविष्य में संभावित संयुक्त अनुसंधान एवं सहयोग के अवसरों पर भी प्रकाश डाला।

डॉ. खन्ना ने आईसीजीईबी द्वारा विकसित विभिन्न निदान तकनीकों, विशेष रूप से स्वदेशी डेंगू जाँच किट, के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह किट बुखार के पहले दिन से ही कम लागत पर डेंगू संक्रमण की सटीक पहचान करने में सक्षम है।

इससे रोग की शीघ्र एवं सटीक पहचान के माध्यम से समय रहते उपचार शुरू करने और गंभीर जटिलताओं से बचाव में सहायता मिल सकती है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि स्वदेशी निदान तकनीकें महँगी आयातित किटों पर निर्भरता कम करने के साथ-साथ किफायती स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करती हैं।

इस स्वदेशी निदान पहल के विकास में भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के योगदान एवं दूरदर्शी सोच का भी उन्होंने उल्लेख किया।

मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए एनबीआरआई एवं सीएसआईआर-आईआईआईएम के निदेशक डॉ. ज़बीर अहमद ने संस्थान की प्रमुख वैज्ञानिक उपलब्धियों तथा वनस्पति विज्ञान के अनुसंधान को सामाजिक एवं राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप उपयोगी समाधान में परिवर्तित करने की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

उन्होंने संस्थान के अनुसंधान को अधिक प्रभावशाली बनाने में बहुविषयक अनुसंधान, प्रौद्योगिकी विकास, उद्योगों एवं संस्थानों के साथ सहयोग तथा जनसंपर्क गतिविधियों के महत्व पर बल दिया। साथ ही, उन्होंने संस्थान की प्रगति में वैज्ञानिकों, तकनीकी एवं प्रशासनिक अधिकारियों, शोधार्थियों तथा सहयोगी कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर फ्लोरीकल्चर फसलों के क्षेत्रीय परीक्षण के लिए सीएसआईआर-एनबीआरआई और ग्रीन फाउंडेशन, इम्फाल, मणिपुर के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया।

इस सहयोग का उद्देश्य उपयुक्त पुष्पीय फसलों का क्षेत्रीय स्तर पर मूल्यांकन करना तथा सीएसआईआर-एनबीआरआई की पुष्पकृषि प्रौद्योगिकियों के विस्तार एवं उपयोग को बढ़ावा देना है।

समारोह के दौरान एनबीआरआई की वार्षिक रिपोर्ट 2025–26 का विमोचन किया गया। इसके साथ ही संस्थान की हिंदी पत्रिका ‘विज्ञान वाणी’ के अंक संख्या 32 (2026) का भी विमोचन हुआ।

प्रो. केएन कौल सर्वश्रेष्ठ शोधपत्र, सर्वश्रेष्ठ पेटेंट एवं सर्वश्रेष्ठ प्रौद्योगिकी पुरस्कारों के प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। वार्षिक खेल प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।

अनुसंधान एवं विकास की गिनाई उपलब्धियाँ..

संस्थान की वर्ष 2025–26 की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए डॉ. ज़बीर अहमद ने विभिन्न अनुसंधान क्षेत्रों में हुई प्रगति की जानकारी दी। पादप विविधता एवं वर्गिकी के क्षेत्र में सीएसआईआर-एनबीआरआई ने विज्ञान के लिए 16 नई प्रजातियों की खोज की।

जिनमें 10 लाइकेन तथा 6 आवृतबीजी पौधों की प्रजातियाँ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 30 टैक्सा को पहली बार भारत के लिए नए अभिलेख के रूप में दर्ज किया गया।

संस्थान ने अपने हर्बेरियम संग्रह के डिजिटलीकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति की तथा इसके लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित प्लेटफॉर्म DRONAi विकसित किया।

आणविक जीवविज्ञान एवं जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में किए गए अनुसंधान में टमाटर की भंडारण अवधि बढ़ाने के लिए जीनोम संपादन, कपास के रेशों के विकास से संबंधित अध्ययन तथा चावल के दानों में आर्सेनिक के संचय को कम करने की रणनीतियाँ शामिल रहीं।

पर्यावरण अनुसंधान के अंतर्गत माइक्रोप्लास्टिक प्रदूषण के अध्ययन तथा क्रोमियम विषाक्तता को कम करने के उपायों पर भी कार्य किया गया।

पुष्पकृषि एवं पादप सुधार के क्षेत्र में संस्थान ने गुलदाउदी की दो नई किस्में ‘एनबीआरआई-मधुक्रम’ और ‘एनबीआरआई-शुक्र’ विकसित कीं तथा ग्लैडियोलस की किस्म ‘एनबीआरआई-पुष्पांगदन’ को व्यावसायिक खेती के लिए जारी किया।

सीएसआईआर फ्लोरीकल्चर एवं एरोमा मिशन के अंतर्गत पाँच लाख गेंदा पौध, 50,000 ग्लैडियोलस कॉर्म एवं कॉर्मलेट तथा 10,000 गुलदाउदी पौधों सहित बड़ी मात्रा में रोपण सामग्री का उत्पादन एवं वितरण किया गया।

संस्थान ने अपनी प्रौद्योगिकी एवं बौद्धिक संपदा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति की। वर्ष के दौरान दो भारतीय पेटेंट प्रदान किए गए, तीन भारतीय पेटेंट आवेदन तथा एक अंतरराष्ट्रीय पेटेंट आवेदन दाखिल किया गया।

इसके अतिरिक्त, पाँच उत्पादों का शुभारंभ किया गया, 13 प्रौद्योगिकी हस्तांतरण व्यवस्थाएँ एवं 21 समझौते किए गए तथा सात नई परियोजनाएँ प्रारंभ की गईं। इस अवधि में प्रतिष्ठित वैज्ञानिक शोध पत्रिकाओं में 185 शोध पत्र प्रकाशित हुए।

सीएसआईआर-जिज्ञासा एवं अन्य जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से संस्थान ने 7,877 विद्यार्थियों और 372 शिक्षकों तक पहुँच बनाई। इसके ईआईएसीपी कार्यक्रम के अंतर्गत 59 जनजागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

जिनमें 7,169 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त, 75 स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को अनुसंधान प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

संस्थान ने वर्ष के दौरान अपने वैज्ञानिकों द्वारा प्राप्त विभिन्न पुरस्कारों एवं सम्मानों का भी उल्लेख किया, जो वनस्पति अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्टता के प्रति संस्थान की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। साथ ही वैज्ञानिकों को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. मेहर एच. आसिफ ने किया। अंत में वैज्ञानिक-जी डॉ. समीर वी. सावंत ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button