उत्तर प्रदेशकारोबारबड़ी खबर

व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ – ब्रजेश पाठक

यूपी में व्यापार की अपार संभावनाएं

 

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। यूपी में व्यापार की अपार संभावनाएं हैं। मंगलवार को प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन’ में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं।

व्यापारियों की उन्नति ही प्रदेश की आर्थिक उन्नति का मूल आधार है। प्रदेश सरकार व्यापारियों के हितों की सुरक्षा, उनके सम्मान और व्यापार के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में व्यापार की अपार संभावनाएं हैं।

उन्होंने देश और प्रदेश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले व्यापारी बंधुओं का आह्वान किया कि वे उत्तर प्रदेश को उद्योग एवं व्यापार के क्षेत्र में देश में अग्रणी बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

उन्होंने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश उद्योग, व्यापार और निवेश के क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। सुशासन, बेहतर कानून-व्यवस्था और पारदर्शी नीतियों के कारण देश-दुनिया के निवेशकों का विश्वास उत्तर प्रदेश के प्रति लगातार बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसा सुरक्षित वातावरण बनाया गया है। जहां व्यापारी बिना भय के अपने कारोबार को आगे बढ़ा रहे हैं और नए निवेश एवं रोजगार के अवसर सृजित कर रहे हैं।

व्यापारी के घर पर बुरी नजर से देखने की हिम्मत नहीं..

उन्होंने कहा कि नए उत्तर प्रदेश में किसी भी व्यक्ति को व्यापारी के घर अथवा प्रतिष्ठान की ओर बुरी नजर से देखने की हिम्मत नहीं है।

यदि कोई व्यक्ति व्यापारी की सुरक्षा या उसके प्रतिष्ठान को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करेगा तो प्रदेश सरकार कानून के दायरे में उसके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक व्यापारी सुरक्षित वातावरण में अपने व्यवसाय का विस्तार कर सके।

प्रदेश की तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था..

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से बढ़ती हुई देश की अर्थव्यवस्था में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है और प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित उत्तर प्रदेश का निर्माण भी हमारा लक्ष्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रदेश के उद्यमियों और व्यापारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।

उन्होंने व्यापारी समुदाय से आह्वान किया कि बदलती आर्थिक परिस्थितियों और नई तकनीक के साथ कदमताल करते हुए व्यापार को आधुनिक स्वरूप दें, रोजगार के नए अवसर पैदा करें और उत्तर प्रदेश की आर्थिक प्रगति में अपनी भागीदारी और मजबूत करें।

इस अवसर पर संपूर्ण उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग, प्रदेश महामंत्री तिलक राज अरोड़ा, प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास जैन, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित गर्ग, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button