मुख्यमंत्री ने बाढ़ क्षेत्र का किया जमीनी सर्वेक्षण, बांटी राहत सामग्री
साथ में डिप्टी सीएम एवं क्षेत्रीय विधायक रहे मौजूद

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी के बख्शी का तालाब तहसील बाढ़ क्षेत्र का जमीनी सर्वेक्षण किया गया।
सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के साथ बाढ़ क्षेत्र पहुंचे।
जहाँ गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण प्रभावित फैजुल्लागंज, बक्शी का तालाब एवं इटौंजा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर राहत सामग्री का वितरण किया और स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
वहीं मुख्यमंत्री ने सम्बोधन करते हुए कहा कि फैजुल्लागंज से लेकर नैमिष तक तटबंध के निर्माण को स्वीकृति दे दी गई है।
तत्काल धनराशि विमुक्त कर इस कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा। ऐसी पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी कि यह तटबंध हर मौसम में उपयोगी बना रहे।
ग्रीन कॉरिडोर की तर्ज पर तटबंध पर आवागमन की सुविधा भी विकसित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी फोन से बाढ़ क्षेत्र की जानकारी ली और समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराने को कहा भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को पूरी तत्परता से संचालित करने, प्रभावित परिवारों तक आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाने तथा स्वास्थ्य एवं अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार संकट की इस घड़ी में अपने नागरिकों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। प्रभावित परिवारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
हमारा संकल्प है कि आपदा की इस घड़ी में कोई भी परिवार स्वयं को अकेला न समझे। सरकार हर कदम पर आपके साथ है और प्रत्येक प्रभावित परिवार तक हरसंभव सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से गाँवो में पशु धन को भूसा और खुले में ठहरने से अच्छा है स्कूल बारात घर में ठहरे और बच्चों को भी दूध उपलब्ध कराया जाये। उन्होंने कहा कि प्रदेश में करीब 50 जिलों में भारी बारिश का असर रहा।
जिसका असर अब नदियों जल स्तर बढ़ने का दिखाई दिया है। इसमें सरकार सभी बाढ़ पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने कह कि क्षेत्रीय विधायक डॉ नीरज बोरा, विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान एवं विधायक योगेश शुक्ला द्वारा लगातार राहत सामग्री पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है ।
इस अवसर पर सदस्य, विधान परिषद पवन सिंह चौहान , जिलाध्यक्ष भाजपा लखनऊ विजय मौर्य, विधायक नीरज बोरा, विधायक योगेश शुक्ला, अध्यक्ष, नगर पंचायत, इटौंजा अवधेश कुमार अवस्थी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।



