उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

जिलाधिकारी ने बाढ़ क्षेत्रों का नाव से किया भ्रमण 

जरूरतमंद परिवारों को राशन का मैनुअल वितरण के निर्देश 

 

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। जिलाधिकारी ने मय टीम से साथ बाढ़ क्षेत्रों का भ्रमण किया।

शनिवार को जिलाधिकारी विशाख जी एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त बब्लू कुमार द्वारा तहसील बीकेटी के गोमती नदी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का नाव से स्थलीय निरीक्षण किया।

अधिकारियों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लिया गया तथा स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि गोमती नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण तहसील बीकेटी क्षेत्र के लासा, बहादुरपुर, सुल्तानपुर, अकड़िया मऊ सहित आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हुई है।

प्रभावित नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी बीकेटी द्वारा जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन तथा आवश्यक सामग्री पहुंचाने के लिए 30 से अधिक नावों का संचालन किया जा रहा है।

जिलाधिकारी द्वारा नागरिकों की आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त नावों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में 4 राहत शिविर एवं सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं।

जहां राजस्व, स्वास्थ्य एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी 24 घंटे तैनात रहकर प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।

जिलाधिकारी द्वारा राहत शिविरों एवं आपदा राहत सामग्री भंडारण केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने आपूर्ति विभाग को निर्देशित किया कि कल से प्रभावित क्षेत्रों में पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को राशन का मैनुअल वितरण सुनिश्चित किया जाए।

तहसीलदार बीकेटी द्वारा अवगत कराया गया कि राहत शिविरों में रह रहे लोगों को पका हुआ भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

इसके साथ ही गांवों में रह रहे तथा जिनकी आजीविका प्रभावित हुई है, ऐसे परिवारों को बाढ़ राहत किट का वितरण भी किया जाएगा। पशुओं के लिए हरे चारे एवं भूसे की पर्याप्त व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

जिलाधिकारी द्वारा प्रभावित परिवारों को राहत किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी प्रशासन द्वारा बताया गया कि कल से सभी प्रभावित क्षेत्रों में ड्राई राशन किट का वितरण प्रारंभ कर दिया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित परिवारों को एहतियात के तौर पर आवश्यक दवाओं की किट एवं क्लोरीन टैबलेट्स वितरित की जा रही हैं, ताकि सुरक्षित पेयजल एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

साथ ही मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं पशुपालन विभाग की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में उपस्थित रहकर पशुओं के उपचार तथा चारा एवं भूसे की उपलब्धता सुनिश्चित कर रही हैं।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।

सभी अधिकारी एवं कर्मचारी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति की निगरानी करें तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराते हुए प्रभावित नागरिकों तक प्रत्येक आवश्यक सुविधा पहुंचाना सुनिश्चित करें।

जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहते हुए प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं को सक्रिय रखा गया है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एनबी सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन, उप जिलाधिकारी बीकेटी, तहसीलदार बीकेटी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, आपूर्ति विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button