उत्तर प्रदेशकारोबारबड़ी खबर

व्यापारियों ने निकाली तिरंगा यात्रा

भारत माता के जयघोष के साथ निकली यात्रा 

 

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। बारिश के मौसम में भी व्यापारियों में देश भक्ति का जज्बा देखने को मिला। सोमवार को माल उद्योग व्यापार मंडल माल के तत्वावधान में तिरंगा ध्वज यात्रा निकली गयी।

वहीं तिरंगा यात्रा को लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही यात्रा का अनुशासित संचालन उमाशंकर त्रिपाठी ने किया।

यात्रा में हजारों की संख्या में व्यापारी, नागरिक एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयघोष के साथ पैदल तथा सैकड़ों वाहनों पर सवार होकर लोगों ने पूरे माल बाजार एवं कस्बे में भ्रमण किया।

तिरंगा यात्रा के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का संदेश आम जनमानस तक पहुंचाया गया। जिसमें महिलाओं की भागीदारी ने यात्रा को और भव्य बना दिया।

तिरंगा यात्रा माल ब्लॉक मुख्यालय पर स्थापित शहीद प्रतीक स्तंभ पर पहुंची। जहां देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर वीर शहीदों को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इसके बाद यात्रा प्राचीन नागेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। जहां विशाल भंडारे एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

सभा को संबोधित करते हुए अमरनाथ मिश्र ने कहा कि हमने स्वतंत्रता के 79 वर्ष पूर्ण कर 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया है। यह हमारे लिए गर्व और गौरव का अवसर है।

लेकिन साथ ही हमें आत्ममंथन भी करना चाहिए कि आज भी हमारा समाज जाति और धर्म के नाम पर बंटा हुआ है। हमारी पूजा-पद्धति और परंपराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन हम सभी की सबसे बड़ी पहचान भारतीय होना है।

उन्होंने कहा कि हमें आज से एक नई परंपरा की शुरुआत करनी चाहिए और अपने नाम के साथ ‘भारतीय’ शब्द जोड़ने का संकल्प लेना चाहिए। यह बदलाव धीरे-धीरे आएगा, लेकिन यदि हम शुरुआत करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों में राष्ट्रीय एकता और भारतीयता की भावना और अधिक मजबूत होगी।

अमरनाथ मिश्र ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने आह्वान किया कि आज से सभी राष्ट्रीय पर्वों पर आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे से गले मिलकर बधाई दें, केवल हाथ मिलाने तक सीमित न रहें। इसी क्रम में

मलिहाबाद व्यापार मंडल अध्यक्ष आशीष गुप्ता ने कहा कि तिरंगा यात्रा ने पूरे माल क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का वातावरण बनाया है। तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारी राष्ट्रीय अस्मिता, गौरव और एकता का प्रतीक है।

व्यापारियों और नागरिकों की इतनी बड़ी भागीदारी यह दर्शाती है कि देशहित और राष्ट्रप्रेम के प्रति समाज पूरी तरह जागरूक है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल आगे भी सामाजिक एवं राष्ट्रहित से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।

तिरंगा यात्रा में संरक्षक विजय कुमार सिंह चौहान, अध्यक्ष गोपाल गुप्ता, महामंत्री राजेश रस्तोगी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उमेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष योगेन्द्र तिवारी, मो. असलम, आशुतोष चौरसिया, रवि चौरसिया, विनय गुप्ता,

मो. इस्राइल, रजनीश सिंह, कोषाध्यक्ष उत्तम कुमार त्रिपाठी, वरिष्ठ मंत्री महिपाल यादव, संगठन मंत्री दिलीप शुक्ला, प्रचार मंत्री सुरेश यादव, वीरेंद्र शुक्ला, ओमप्रकाश, राम कुमार राही सहित स्थानीय निकाय एवं व्यापार मंडल के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button