मण्डल का 100 प्रतिशत विद्युतीकरण पूर्ण- गौरव अग्रवाल
मंडल रेल प्रबंधक ने फहराया तिरंगा

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ उपलब्धियों को गिनाया गया।
शनिवार को पूर्वाेत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल के बादशाहनगर स्थित मनोरंजन संस्थान के प्रांगण में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल द्वारा प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर समारोह में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान गाया गया।
इसके उपरांत मण्डल रेल प्रबन्धक ने समारोह को सम्बोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रेल उपभोक्ताओं, यात्रियों, रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारिजनों तथा आम जनता को बधाई दी ।
उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों, जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया और सीमा पर तैनात हमारे जवानों के पराक्रम को सलाम करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से पूरे देश में राष्ट्रप्रेम की भावना और मजबूत हुई है।
उन्होंने बादशाहनगर स्थित मनोरंजन संस्थान में रेलकर्मियों एवं उनके परिवारिजनों के लिए उपलब्ध निशुल्क सुविधाओं नृत्य, योगा, शूटिंग, ट्यूशन आदि के बारे में बताया और इसे अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए आग्रह किया।
श्री अग्रवाल ने बताया कि पूर्वाेत्तर रेलवे अपने 107 क्रासिंग स्टेशनों और 39 हाल्ट स्टेशनों के साथ आधुनिकीकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मण्डल का 100 प्रतिशत विद्युतीकरण (ब्राड गेज लाइन पर) पूर्ण हो चुका है और ऑटोमेटिक ब्लॉक सिगनलिंग सिस्टम के साथ एक नया अध्याय जुड़ रहा है।
वर्ष 2026 में अब तक 14 समपार समाप्त किए गए, 5 स्टेशनों पर लूप लाइन की गति 15 से बढ़ाकर 30 किमी प्रति घंटा की गई तथा 52.52 किमी डीप स्क्रीनिंग और 1068 किमी ट्रैक टेम्परिंग का कार्य सम्पन्न हुआ।
यात्री सुविधाओं के क्षेत्र में मण्डल ने उल्लेखनीय प्रगति की है। इस वर्ष 2 नई सवारी गाड़ियां और 1 जोड़ी मेल एक्सप्रेस शुरू की गईं। मेल एक्सप्रेस का समयपालन 78.8 प्रतिशत रहा।
6 अमृत भारत स्टेशनों (बस्ती, खलीलाबाद, लखनऊ सिटी, डालीगंज, बादशाहनगर, आनंदनगर) और 6 अन्य स्टेशनों (मसकनवा, शैहरतगढ़, करनैलगंज, नौतनंवा, बिसंवा, महमूदाबाद) पर कोच गाइडेंस, डिस्प्ले बोर्ड और स्वचालित उद्घोषणा प्रणाली लगाई गई।
प्रधानमंत्री द्वारा 17 जुलाई 2026 को ऐशबाग स्टेशन का पुनर्विकास कार्य लोकार्पित किया गया। यात्रियों की सुविधा के लिए 34 प्लास्टिक बॉटल क्रशिंग मशीनें लखनऊ एवं गोरखपुर स्टेशनों पर लगाई गईं।
विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में भाग लेने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए मण्डल द्वारा जुलाई 2026 माह तक 6 जोड़ी सवारी गाड़ी का संचालन विभिन्न स्टेशनों के लिए किया गया।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई तक मण्डल की यात्री संख्या 2.01 करोड़ और आय 558.09 करोड़ रही, जो गत वर्ष से क्रमशः 6.91 प्रतिशत यात्री संख्या और 20.08 प्रतिशत यात्री आय अधिक है।
स्क्रैप बिक्री से 25.64 करोड़ की आय के साथ पूर्वोत्तर रेलवे के सभी मण्डलों में प्रथम स्थान पर है। मण्डल के 34 स्टेशनों पर 80 एटीवीएम के माध्यम से 35 प्रतिशत यात्री आय प्राप्त हो रही है।
संरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए गोरखपुर-बाराबंकी सेक्शन में 66.54 किमी सुरक्षा फेंसिंग की गई और अनुरक्षण कार्यो हेतु 43,144 घंटे ट्रैफिक ब्लॉक दिया गया।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा द्वारा 5.39 करोड़ की नशीली सामग्री और 28.28 लाख का सोना बरामद किया गया। ‘मेरी सहेली’ टीम ने 4.49 लाख महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की।
पर्यावरण संरक्षण में भी मण्डल अग्रणी है। मण्डल में अनग्रिड सोलर क्षमता 4130 ज्ञॅच् हो गई है जिससे 96 लाख रुपये की बचत हुई। डीजल और बिजली में 128 करोड़ रुपये की बचत दर्ज की गई।
कर्मचारी कल्याण के तहत विभिन्न कैम्प, महिला शिविर और योग दिवस मनाए गए। खेल के क्षेत्र में मानसी ने वर्ल्ड रेसलिंग में रजत पदक अर्जित किया और सुश्री उषा का वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग में चयन पूरे मण्डल के लिए गर्व का विषय है।
“आप लोग हैं तो रेल चलती है, आप लोग भारतीय रेल के गौरव हैं आपकी मेहनत से ट्रेन चलती है, यात्रियों को सुरक्षा मिलती है और देश आगे बढ़ता है। आइये हम सब लोग एक ऐसा रेल परिवार बनाए, जहॉ कर्मचारी को केवल काम करने वाला व्यक्ति न माना जाए।
बल्कि हमारे अपने रेल परिवार का सदस्य माना जाए। उसके परिवार की खुशियॉ हमारी साक्षा जिम्मेदारी हो। कर्मचारी खुशहाल तो रेलवे मजबूत, और रेलवे मजबूत तो राष्ट्र मजबूत।
उन्होने कहा कि मण्डल में कर्मचारी यूनियन एवं एसोसिएशनों द्वारा कर्मचारी हितों के समाधान में पूर्ण सहयोग मिल रहा है। हम सभी समन्वित रुप से राष्ट्र निर्माण में अपना समर्पित योगदान देंगे।
इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने मण्डल में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में भाग लेने वाले कलाकारों, मनोरंजन संस्थान के सभी शिक्षक, स्काउट एवं गाइड के बच्चों एवं टैलेन्ट हंट के प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इसके अलावा मण्डल चिकित्सालय, बादशाहनगर में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मण्डल रेल प्रबन्धक एवं पूर्वाेत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रुति गुप्ता एवं पदाधिकारियों ने
रोगियों को फल वितरित किया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इसके उपरान्त उन्होंने कार्यरत कर्मचारियों को उपहार प्रदान किए।
इस अवसर पर अपर मण्डल रेल प्रबन्धक (इंफ्रा) भुवनेश सिंह, अपर मण्डल रेल प्रबन्धक (परिचालन) नीतू सभी शाखाधिकारी तथा एनई रेलवे मेन्स कांग्रेस यूनियन के मण्डल मंत्री,
मण्डल अध्यक्ष एवं एसोसिएशनों के पदाधिकारी, पूर्वाेत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की सदस्यायें एवं रेल कर्मचारी तथा उनके परिवारीजन उपस्थित थे।



