डॉक्टरों ने 5 वर्षीय बच्चे के किडनी ट्यूमर की सफल सर्जरी
एसजीपीजीआई ने दी बच्चे को दी नई जिंदगी

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। डॉक्टरों ने 5 वर्षीय बच्चे की किडनी ट्यूमर सर्जरी कर नई जिंदगी प्रदान की है। मंगलवार को एसजीपीजीआई के पीडियाट्रिक सर्जिकल सुपरस्पेशियलिटीज विभाग ने कानपुर निवासी 5 वर्षीय बच्चे के दाहिने गुर्दे के कैंसर की जटिल सर्जरी की।
बच्चे के पेट में करीब एक वर्ष से गांठ थी। जांच में विल्म्स ट्यूमर (बच्चों में होने वाला किडनी का कैंसर) पाया गया, जो शरीर की प्रमुख नस इन्फीरियर वेना कावा (IVC) तक फैल चुका था।
जबकि बच्चे का कानपुर के एक निजी अस्पताल में पांच चरण की कीमोथेरेपी दी गई। जब सर्जरी के लिए संस्थान रेफर किया गया तो प्रो बसंत कुमार ने बिना देरी किये बच्चे की
दोबारा विस्तृत जांच कराई। जिसके बाद बच्चे की दाहिनी किडनी एवं यूरेटर निकालने के साथ IVC से ट्यूमर थ्रोम्बस निकालने की सर्जरी की गई। ऑपरेशन के दौरान ट्यूमर का थ्रोम्बस लिवर के पीछे स्थित IVC के हिस्से (रेट्रोहेपेटिक IVC) और बाईं किडनी की नस तक फैला मिला। जिसे सफलतापूर्वक निकाला गया।
सर्जरी के बाद बच्चे की रिकवरी अच्छी रही और अब आगे कीमोथेरेपी एवं रेडियोथेरेपी की योजना बनाई गई है। वहीं प्रो. बसंत कुमार ने कहा कि बच्चों के पेट में किसी भी गांठ या असामान्य सूजन को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
समय रहते बाल शल्य चिकित्सक से परामर्श और जांच कराने से बीमारी का शुरुआती अवस्था में पता लगाया जा सकता है और ट्यूमर को आसपास के अंगों व बड़ी रक्त वाहिकाओं तक फैलने से रोका जा सकता है।



