परिवहन विभाग का चला मिशन आरोही
अनधिकृत यात्री वाहनों और ओवरलोड माल वाहनों के खिलाफ कसा शिकंजा

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। परिवहन विभाग अनधिकृत यात्री वाहनों और ओवरलोड माल वाहनों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। सोमवार को
प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह के निर्देश पर परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने उत्तर प्रदेश के कुछ चिन्हित संभागों में 5 अगस्त से 8 अगस्त तक चार दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान ‘मिशन आरोही’ चलाने के निर्देश प्रवर्तन दल को दिए गए थे।
इस अभियान का नोडल अधिकारी अपर परिवहन आयुक्त प्रवर्तन केडी सिंह गौर को नामित किया गया है। उन्हें निर्देश दिए गए है कि वे स्वयं प्रदेश के विभिन्न संभागों में फील्ड में रह कर प्रवर्तन टीमों का नेतृत्व करेंगे और इस अभियान को प्रभावी और परिणामजन्य बनाने की रणनीति तय करेंगे।
परिवहन विभाग की यह मेगा प्रवर्तन कार्रवाई अभियान ‘मिशन आरोही’ मुख्यतः प्रवर्तन कार्यवाही के माध्यम से राजस्व प्राप्ति, बकाया वसूली, ओवरलोडिंग के विरुद्ध कार्रवाई और अनधिकृत यात्री वाहनों के संचालन को रोकने तथा सड़क पर विभाग की प्रभावी कार्रवाई की आरोही वृद्धि पर केंद्रित रही।
कई जिलों में मिशन आरोही..
मिशन आरोही को कानपुर, प्रयागराज, झांसी, बांदा, आगरा, और लखनऊ संभाग के प्रवर्तन अधिकारियों ने सख्त अंदाज में संपादित किया और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध व्यापक प्रवर्तन कार्रवाई की।
अपर परिवहन आयुक्त केडी सिंह ने बताया कि चार दिवसीय इस अभियान में यात्री और माल वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई में विभिन्न अभियोग में कुल 3,625 वाहनों का चालान किया गया और 836 वाहनों को थानों में निरुद्ध किया गया।
चार दिनों की इस पूरी कार्यवाही से विभाग को लगभग 416.86 लाख रुपए बकाया राजस्व, कर, और जुर्माने की प्राप्ति हुई।
परिवहन मंत्री एवं परिवहन आयुक्त ने अभियान के सफल संपादन पर, अभियान में लगी प्रवर्तन टीमों की प्रशंसा की है। कहा कि, सड़कों पर सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ऐसी कार्रवाई नियमित रूप से पूरे प्रदेश में होनी चाहिए। बीच बीच में अभियोग केंद्रित इसी प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।



