सेना ने फर्जी ब्रिगेडियर को दबोचा, किया गिरफ्तार
एनएसजी कमांडो लेकर चलने वाला फर्जी ब्रिगेडियर को पकड़ा, पुलिस को सौपा

शाहजहांपुर। लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। एनएसजी कमांडो लेकर चलने वाला फर्जी ब्रिगेडियर पकड़ा गया। शुक्रवार को
सेना एवं पूर्व सैनिकों की सतर्कता से फर्जी ब्रिगेडियर को पकड़कर स्थानीय पुलिस थाने को सौंप दिया गया।
स्टेशन मुख्यालय शाहजहाँपुर द्वारा पूर्व सैनिकों के सहयोग से संचालित अभियान में 12 जून को स्वयं को वरिष्ठ सैन्य अधिकारी बताने वाले व्यक्ति को सफलतापूर्वक पकड़ लिया गया।
बीते लगभग दो माह से शाहजहाँपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में एक संदिग्ध व्यक्ति के सेना के वरिष्ठ अधिकारी के रूप में घूमने संबंधी सूचनाएँ लगातार मिल रही थी।
इन्हीं प्राप्त सूचनाओं के आधार पर स्टेशन मुख्यालय शाहजहाँपुर के एडमिनिस्ट्रेटिव कमांडेंट कर्नल जेएस जगलान ने स्थानीय पूर्व सैनिकों के साथ समन्वय स्थापित कर उक्त व्यक्ति की वास्तविक पहचान सत्यापित करने तथा उसे पकड़ने के लिए एक योजनाबद्ध अभियान तैयार किया गया । जहाँ
अभियान के अंतर्गत उक्त व्यक्ति को स्थानीय विद्यार्थियों के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था । वहीं शाहिद संग्रहालय में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने के उपरांत उसकी पहचान की पुष्टि की गई तथा उसे उसके साथियों सहित पकड़ लिया गया।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान 21 वर्षीय आर्यन वर्मा के रूप में की गयी है । वह ब्रिगेडियर की वर्दी पहने तथा एक टाटा हैरियर वाहन में यात्रा कर रहा था। जिस पर वन-स्टार प्लेट तथा आर्मी मुख्यालय का ध्वज लगा हुआ था।
उसके कब्जे से ब्रिगेडियर का एक फर्जी पहचान पत्र, एक पिस्टलनुमा हथियार, एएमसी रेजीमेंटल केन तथा सेना से संबंधित प्रतीत होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई।
उसके साथ मौजूद दो व्यक्ति काले कपड़ो में एनएसजी कमांडो जैसा स्वरूप धारण किए हुए थे। साथ ही चालक के पास भारत सरकार का पहचान पत्र भी पाया गया।
अभियान के उपरांत आरोपी व उसके सहयोगियों तथा बरामद सामग्री को अग्रिम जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए थाना सदर, शाहजहाँपुर के सुपुर्द कर दिया गया।
यह सफल कार्रवाई स्टेशन मुख्यालय शाहजहाँपुर एवं पूर्व सैनिक समुदाय की सतर्कता, सजगता तथा समन्वित प्रयासों का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया है।
जबकि सेना की वर्दी, पहचान, प्रतीकों एवं प्रतिष्ठा का दुरुपयोग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सेना का कहना है कि
भारतीय सेना की वर्दी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, त्याग, अनुशासन और सम्मान का प्रतीक है। स्टेशन मुख्यालय शाहजहाँपुर नागरिक प्रशासन एवं पूर्व सैनिकों के साथ मिलकर भारतीय सेना की गरिमा, प्रतिष्ठा एवं सम्मान की रक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।



