मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने ऑनलाइन स्व-गणना कर की अपील
स्व- गणना में नामित नोडल अधिकारियों गूगल लिंक पर उपलब्ध कराने के निर्देश

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। प्रदेश भर में जन गणना कार्य प्रारम्भ हो गया है अब घर बैठे स्व गणना फार्म भरना शुरू हो गया है। शुक्रवार को
जनगणना-2027 के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनबी सिंह ने ऑनलाइन माध्यम से अपनी स्व-गणना प्रस्तुत की।
इससे पहले बीते गुरुवार को कार्यालय स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। जिसमें एसजीपीजीआई, केजीएमयू,डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान और
सभी जिला अस्पतालों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ ग्रामीण एवं शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के जनगणना के लिए नामित नोडल अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। वहीं
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन और जिला प्रशासन के निर्देशों के क्रम में जनगणना-2027 के लिए 7 मई से स्व-गणना प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आमजन तक इस प्रक्रिया की जानकारी पहुँचाने और अधिक से अधिक लोगों को स्व-गणना के लिए जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नामित नोडल अधिकारियों की सूचना निर्धारित गूगल लिंक पर शीघ्र उपलब्ध कराई जाए, ताकि जनगणना कार्य को सुचारु एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग के लिए उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप सिंह को सह-नोडल तथा जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी को नोडल नामित किया गया है।
बैठक में सभी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



